भरतपुर

Bharatpur Zila Parmukh : कांग्रेस बहुमत में पर भाजपा हार मानने को तैयार नहीं, निर्दलीयों पर डाल रही डोरे!

Bharatpur Zila Parmukh : भरतपुर. जिला परिषद में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े के साथ मजबूत स्थिति में है, लेकिन भाजपा ने हार मानने के बजाय निर्दलीयों और दूसरे समीकरणों के सहारे जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने की रणनीति बनाई है। पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 4:59 PM IST
bharatpur zila parmukh congress majority bjp not ready defeat wooing independents
Bharatpur Zila Parmukh : भरतपुर. फाइल फोटो पत्रिका।

Bharatpur Zila Parmukh : भरतपुर. पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद अब जिले में राजनीतिक लड़ाई मतों से आगे बढ़कर सत्ता के समीकरणों पर टिक गई है। जिला परिषद में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े के साथ मजबूत स्थिति में है, लेकिन भाजपा ने हार मानने के बजाय निर्दलीयों और दूसरे समीकरणों के सहारे जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने की रणनीति बनाई है। पंचायत समितियों में भी सत्ताधारी भाजपा कहीं निर्दलीयों को साधकर तो कहीं दूसरे राजनीतिक समीकरणों के सहारे प्रधान बनाने की कोशिश में जुटी है। दूसरी ओर कांग्रेस अपने जिला परिषद के बहुमत को सुरक्षित रखने के साथ पंचायत समितियों में प्रधान पदों पर कब्जे के लिए जोड़-तोड़ में लगी है। इस चुनाव ने केवल दलों की ताकत नहीं दिखाई, बल्कि क्षेत्रीय विधायकों के राजनीतिक प्रभाव, टिकट वितरण और संगठनात्मक पकड़ का भी हिसाब सामने रख दिया है। अब चुनाव परिणामों के बाद विधायकों के प्रदर्शन पर पार्टी संगठन में मंथन की चर्चाएं तेज हैं।

पसंद के टिकट, परिणामों ने खोली पोल

पंचायत चुनाव में टिकट वितरण के दौरान सत्ताधारी भाजपा में कई जगह विधायकों की पसंद को प्राथमिकता मिली, लेकिन परिणाम अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे। भुसावर में भाजपा एक और उच्चैन में केवल दो सीटों पर जीत दर्ज कर सकी। वैर, बयाना और रूपवास में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। सेवर में पार्टी सात सीटें जीतकर कुछ हद तक स्थिति संभालने में सफल रही। परिणामों के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विधायकों की संगठन में पकड और राजनीतिक प्रभाव की समीक्षा हो सकती है। राजनीतिक नियुक्तियों से लेकर संगठनात्मक फैसलों तक उनकी राय और भूमिका प्रभावित होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा।

नदबई-उच्चैन दोनों दलों को नहीं मिला अपेक्षित समर्थन

नदबई विधायक जगत सिंह के क्षेत्र में भाजपा अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी। नदबई पंचायत समिति की 27 सीटों में भाजपा को छह सीटें मिलीं, जबकि उच्चैन की 15 सीटों में पार्टी केवल दो सीट जीत सकी। कांग्रेस का प्रदर्शन भी यहां बहुत बेहतर नहीं रहा। नदबई में कांग्रेस को दो और उच्चैन में भी दो सीटें मिलीं। परिणामों ने दोनों दलों के सामने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की चुनौती खड़ी कर दी है।

वैर-भुसावर : कांग्रेस की बढ़त, भाजपा के सामने चुनौती

वैर विधायक बहादुर सिंह कोली के क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा। भुसावर पंचायत समिति की 19 सीटों में भाजपा केवल एक सीट जीत सकी, जबकि कांग्रेस ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की। वैर पंचायत समिति की 19 सीटों में भाजपा को तीन और कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं। दोनों पंचायत समितियों में कांग्रेस की बढ़त ने भाजपा के सामने प्रधान पद के समीकरण साधने की चुनौती खड़ी कर दी है।

बयाना-रूपवास : भाजपा को सीटों के गणित ने उलझाया

बयाना विधायक ऋतु बनावत के क्षेत्र में भी भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। पंचायत समिति की 33 सीटों में भाजपा पांच सीटों पर जीत सकी, जबकि कांग्रेस ने 13 सीटें हासिल कीं। रूपवास की 25 सीटों में भाजपा को सात और कांग्रेस को सात सीटें मिलीं। यहां प्रधान पद के लिए अब अन्य सदस्यों और राजनीतिक समीकरणों की भूमिका अहम हो सकती है।

सेवर : क्षेत्र में निर्दलीय निर्णायक

भरतपुर विधायक डॉ. सुभाष गर्ग राष्ट्रीय लोकदल से हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भी पंचायत चुनाव में उनकी पार्टी की सक्रियता अपेक्षाकृत सीमित रही। सेवर पंचायत समिति की 21 सीटों में भाजपा ने सात, कांग्रेस ने चार और निर्दलीयों ने 10 सीटें जीतकर समीकरण को दिलचस्प बना दिया है। यहां किसी भी दल के लिए प्रधान की कुर्सी तक पहुंचने में निर्दलीयों का समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है।