भरतपुर

डीग में रसद विभाग को ही बना लिया ‘बेडरूम’: बाहर भटकते रहे फरियादी, अंदर चादर तान सोते मिले इंस्पेक्टर

Deeg News: डीग में रसद विभाग के प्रवर्तन निरीक्षक का ड्यूटी के दौरान कार्यालय के फर्श पर सोते हुए वीडियो वायरल हो गया। उस समय फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इंतजार करते रहे। वीडियो सामने आने के बाद विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
2 min read
Jul 08, 2026
Deeg News
दफ्तर के अंदर चादर तान सोते इंस्पेक्टर (पत्रिका फोटो)

Deeg Ration Department: डीग: सरकारी दफ्तर में कर्मचारी की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। डीग जिला कलक्टर कार्यालय के पास स्थित रसद विभाग के दफ्तर में ड्यूटी के दौरान एक अधिकारी के सोने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि प्रवर्तन निरीक्षक (इंस्पेक्टर) भंवराराम चौधरी कार्यालय के फर्श पर आराम से सो रहे हैं। जबकि अपनी समस्याओं को लेकर आए आम लोग बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं।

यह घटना बुधवार की बताई जा रही है। दफ्तर में अधिकारी को इस तरह सोते देख किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद से ही सरकारी कर्मचारियों के काम करने के तरीके पर सवाल उठने लगे हैं।

अधिकारी ने दी सफाई और क्या है पुराना रिकॉर्ड

जब इस मामले में आरोपी प्रवर्तन निरीक्षक से बात की गई, तो उन्होंने अजीब बहाने बनाए। उन्होंने कभी अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, तो कभी इस पूरे मामले की जानकारी होने से ही साफ इनकार कर दिया। इस संबंध में जब जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो पाई।

विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन प्रवर्तन निरीक्षक का विवादों से पुराना नाता रहा है। वे पहले भी दो बार एपीओ हो चुके हैं। जिले में पोस्टिंग के बाद से ही उन पर कुछ राशन डीलरों को परेशान करने के आरोप भी लगे हैं। इसके अलावा, आवंटन सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ विवाद होने पर उन्हें सीनियर अधिकारियों से फटकार भी मिल चुकी है।

जनता में भारी नाराजगी

लोगों का कहना है कि सरकारी दफ्तरों में आने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। ड्यूटी के समय ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस वीडियो के सामने आने के बाद अब रसद विभाग की कार्यप्रणाली पर उंगलियां उठ रही हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Updated on:
08 Jul 2026 07:52 pm
Published on:
08 Jul 2026 07:51 pm