
डीग। राजस्थान के डीग जिले में वाहन चोरी की वारदातों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में चोरी की 9 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वाहन चोरी के मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया गया है। इसी कार्रवाई के दौरान 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश असलम उर्फ बच्ची को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है।
वाहन चोरी के मामलों में कोतवाली डीग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रौनक, रईस, असर उर्फ लंगड़ा और जाहिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में गिरोह के अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदातों, वाहनों की बरामदगी और गिरोह के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इसी कार्रवाई से जुड़े मामले में थाना खोह पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश असलम उर्फ बच्ची को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, असलम वाहन चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है। उस पर मथुरा, अलवर, जयपुर और हरियाणा में वाहन चोरी से जुड़े मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार, असलम के खिलाफ राजस्थान और उत्तर प्रदेश में चोरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गो-तस्करी सहित कुल 33 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
खोह थाना पुलिस ने बाइक चोरी के एक अन्य मामले में नौसाद, शाह रुख और नारायण सिंह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया गया। इस कार्रवाई में चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलवर और जयपुर सहित विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद उन्हें बेचने के लिए खोह क्षेत्र में लाकर छिपा देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने पिछले पांच से छह महीने से संगठित गिरोह के रूप में बाइक चोरी करने और उन्हें बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीग जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान कामां थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में इंद्रजीत, गोपाल और भानुप्रताप उर्फ कान्हा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र और सूचना तंत्र की मदद ली गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के मुताबिक, बाइक चोर गिरोह काफी समय से सक्रिय था। पुलिस टीम लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थी। कार्रवाई के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और दो विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और वाहन चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।