
Deeg Zila Parmukh : डीग. पंचायत चुनाव के परिणामों के बाद राजनीतिक दलों ने अपने नवनिर्वाचित सदस्यों की कड़ी बाड़ेबंदी कर दी है, जिसके कारण जीते हुए सदस्य अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने तक नहीं पहुंच पा रहे है। निर्वाचन विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार जिला परिषद के 29 सदस्यों में से किसी भी सदस्य ने जीतने के बाद अपना निर्वाचित प्रमाण पत्र नहीं लिया है। जिला प्रमुख के चुनाव में क्रॉस वोटिंग या सदस्यों के टूटने के डर से भाजपा और कांग्रेस ने अपने जीते हुए उम्मीदवारों को होटल या किसी अन्य रिसॉर्ट्स में भेज दिया है।
नियम के अनुसार जीतने वाले प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करना होता है, लेकिन बाड़ेबंदी से बाहर निकलने पर विरोधी खेमे के संपर्क में आने के डर से पार्टी नेताओं की ओर से निर्वाचित सदस्यों को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।
डीग जिला परिषद की 29 सीटों में से कांग्रेस 14 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी उभर कर सामने आई है। भाजपा ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। बसपा को मिली एक सीट के साथ 4 सीटें निर्दलीयों के कब्जे में हैं। कांग्रेस को जिला प्रमुख बनाने के लिए महज एक सदस्य का बंदोबस्त करना है। वहीं भाजपा को 5 सदस्यों का जुगाड़ करना है। बहुमत से दूर होने के बाद भी भाजपा ने जिला परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाने का दावा किया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि निर्दलीयों के साथ कई कांग्रेस के सदस्य भाजपा के संपर्क में है। ऐसे में पार्टी के अंदर पनप रही गुटबाजी और क्रॉस वोटिंग के डर से सदस्यों को एकजुट रखने की कवायद में सदस्यों को बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। यहां तक की उन्हें अपना निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने तक भी नहीं आने दिया जा रहा है।
पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद जिला प्रमुख को लेकर दोनों दलों की सक्रियता और जोड़-तोड़ की राजनीति तेज हो गई है। जिला प्रमुख को लेकर चुनाव से पहले दोनों दल किसी भी चूक या क्रॉस वोटिंग को लेकर सतर्कता बरत रहे है। यही कारण है कि जिला परिषद के चुनाव परिणाम आने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्यों को बाड़ेबंदी में रखा गया है। सदस्यों को टूटने या क्रॉस वोटिंग से बचाने के लिए दोनों दलों के निर्वाचित सदस्य बाड़ेबंदी में है। दोनों दलों की रणनीति अब अपने-अपने सदस्यों को मतदान तक एकजुट रखने की है। माना जा रहा है कि इसके लिए दोनों दलों की ओर से 25 नवंबर को मतदान के दिन ही सदस्यों को प्रमाण पत्र के साथ शपथ के लिए जिला मुख्यालय पर लाने की तैयारी है, ताकि विरोधी दलों को किसी भी तरह की राजनीतिक रणनीति बनाने या संपर्क साधने का मौका ही नहीं मिले।
पंचायत चुनावों को लेकर 20 नवंबर को आए 29 सदस्यीय जिला परिषद के परिणाम में कांग्रेस 14 सीटें लेकर बहुमत के आंकड़े से सिर्फ एक अंक दूर है। जबकि भाजपा को जिला परिषद में 10 सीटें मिलीं है। बहुमत से कई अंक दूर भाजपा परिषद में बोर्ड बनाने का दावा कर रही है।
मौजूदा रिपोर्ट में भाजपा ने अपने निर्वाचित सदस्यों को जयपुर प्रदेश नेतृत्व के अधीन होना बताया है। भाजपा ने परिषद में बहुमत के मौजूदा अंक गणित 15 से अधिक सदस्यों का अपने खेमे में होने का दावा भी किया है। सदस्यों को लेकर दोनों पार्टियों का बयान जो भी हो, लेकिन वास्तविक हकीकत 25 नवंबर मतदान के दिन ही सामने आएगी।
जिला परिषद के 29 सदस्यीय बोर्ड में 14 कांग्रेसी सदस्यों के साथ बहुमत के नजदीक कांग्रेस को अब क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। देर रात रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस के निर्वाचित 14 सदस्यों में से फिलहाल कांग्रेस के पास एक निर्दलीय सहित 12 सदस्य हैं, जो हिमाचल में हैं। कांग्रेस के निर्वाचित 3 सदस्य पार्टी के खेमे से बाहर हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस के 2 सदस्य जिला प्रमुख की संभावित दावेदार सविता कसाना और एक सदस्य रेनू सिंह के खेमे या उनके संपर्क में बताए गए हैं। चुनाव में जिला प्रमुख से लेकर पंचायत समितियों में प्रधान को लेकर कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केबिनेट मंत्री विश्वेंद्र सिंह के बयानों को लेकर कांग्रेस कमजोर नजर आ रही है।