
Bharatpur News: घर में एक मां की ममता का आंचल उठ गया और पांच मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया। सबसे छोटे बच्चे ने तो दुनिया में आंखें खोलते ही मां को खो दिया। जन्म के समय ही मां इस दुनिया से विदा हो गई। महज एक दिन का वह नवजात अब डेढ़ माह का हो चुका है, लेकिन मां की गोद नसीब नहीं हुई। चार अन्य बच्चों के लिए भी मां की कमी ऐसी है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस परिवार की जिंदगी अब 80 साल की बूढ़ी दादी रामश्री के सहारे चल रही है। पांच बच्चों की परवरिश, घर की चिंता और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच उम्र के आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी रामश्री के कंधों पर जिम्मेदारियों का भारी बोझ है।
सेवर में शंकर का परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। घर की हालत ऐसी है कि कुछ ईंटें जोडकर दीवारें खड़ी कर ली गई है, लेकिन छत पक्की नहीं है। ऊपर प्लास्टिक डालकर परिवार बारिश, सर्दी और धूप से बचने की कोशिश करता है। शंकर हर रोज काम की तलाश में शहर के लक्ष्मण मंदिर के पास मजदूरी करने जाता है। मजदूरी मिल जाए तो घर में चूल्हा जलता है अन्यथा परिवार के सामने खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो जाता है।
ऐसे हालात में पांच बच्चों की जरूरतें पूरी करना उसके लिए बेहद मुश्किल है। परिवार में नंदिनी 11 वर्ष, ललिता 9 वर्ष, श्रेजल 5 वर्ष, संजना 3 वर्ष और सबसे छोटा प्रियांश डेढ़ माह का है। बूढ़ी मां के सामने उम्र और आर्थिक हालात दोनों उनके सामने चुनौती है, लेकिन बच्चों को संभालने की कोशिश में वह जुटी है।
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य मंदिर के संस्थापक डॉ. वीरेन्द्र अग्रवाल सेवर पहुंचे। परिवार की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने बच्चों की शिक्षा और हर माह राशन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली। आज उन्होंने परिवार को दूध सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई। इस दौरान प्रकल्प प्रभारी सौरभ भातरा भी साथ रहे। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि पांच बच्चों की परवरिश के बीच जूझ रहे इस परिवार के लिए शिक्षा और नियमित राशन की व्यवस्था राहत का सहारा बनेगी।