भरतपुर

Bharatpur Firing: बिना पूछे साली की शादी में पहुंची पत्नी, बौखलाए पति ने मारी गोली और फिर खुद को उड़ाया

Bharatpur Firing Case: भरतपुर में शादी समारोह के बीच पति-पत्नी के विवाद ने अचानक खूनी रूप ले लिया। पति ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया।

2 min read
May 01, 2026
Bharatpur Firing Case
मृतक राघवेंद्र और मौके पर जमा भीड़। फोटो- पत्रिका

भरतपुर। जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के गांव सिंहावली में शुक्रवार एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब पति-पत्नी के बीच विवाद ने खूनी रूप ले लिया। साली के लग्न समारोह में पहुंचे युवक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह वीडियो भी देखें

कमरे में ले जाकर मारी गोली

पुलिस के अनुसार आगरा जिले के थाना खैरागढ़ क्षेत्र निवासी राघवेंद्र सिंह अपनी पत्नी राधिका के ससुराल गांव सिंहावली आया था, जहां उसकी साली का लग्न समारोह चल रहा था। समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि राघवेंद्र अपनी पत्नी को खींचकर एक कमरे में ले गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

पति की मौत

कुछ ही देर बाद कमरे से लगातार दो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन मौके की ओर दौड़े और दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। राधिका और राघवेंद्र दोनों खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे। परिजन तुरंत दोनों को रूपवास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राघवेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल राधिका को प्राथमिक उपचार के बाद आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर किया गया।

पत्नी की हालत नाजुक

उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी विनोद मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर एफएसएल टीम से जांच करवाई और मौके से वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राधिका बिना पति की अनुमति के अपने मायके में आयोजित शादी समारोह में आई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक विवाद के चलते राघवेंद्र ने इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि राघवेंद्र पेशे से ट्रक चालक था और उसकी शादी को करीब चार साल हो चुके थे। दोनों का एक तीन साल का बेटा भी है, जो अब पिता के साए से वंचित हो गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

Updated on:
01 May 2026 06:41 pm
Published on:
01 May 2026 06:28 pm