भरतपुर

Rajasthan: इंस्टाग्राम चैट से अफेयर का हुआ शक, पहले पत्नी पर हमला किया, फिर ट्रेन की चपेट में आने से पति की मौत

राजस्थान के भरतपुर जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहां एक युवक ने इंस्टाग्राम चैट देखने के बाद अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर पत्नी को छोड़कर पैदल ही भाग निकला। कुछ दूर जाने के बाद उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
2 min read
Sep 13, 2026
Bharatpur
Bharatpur: मृतक सुशील प्रजापत (फाइल फोटो-पत्रिका)

भरतपुर। बयाना क्षेत्र से सनसनीखेज घटना सामने आई है। इंस्टाग्राम चैट को लेकर पति-पत्नी के बीच उपजा शक रविवार को खौफनाक वारदात में बदल गया। कैला देवी झील का बाड़ा क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी के गर्दन और पेट पर चाकूनुमा धारदार हथियार से हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद चरवाहा महिलाओं ने शोर मचाया तो युवक बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। इसके कुछ समय बाद करीब पांच किमी दूर सालाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार रुदावल थाना क्षेत्र के बरौली ब्राह्मण दाहिना गांव निवासी सुशील प्रजापत (24) पुत्र हेतराम रविवार को पत्नी रजनी (22) को बाइक से लेकर निकला था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह पहले पत्नी को रुदावल हनुमान मंदिर ले गया। वहां से कैला देवी झील मंदिर में दर्शन कराने के बहाने लेकर पहुंचा। आरोप है कि रेलवे अंडरपास के पास सुनसान जगह पर उसने रजनी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। सूचना पर झील चौकी और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मौसेरी बहन के रिश्ते के लिए देखी थी प्रोफाइल

कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि मृतक के परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि रजनी की मौसेरी बहन की सगाई की बातचीत चल रही थी। बहन के कहने पर रजनी ने संबंधित युवक की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उसकी फोटो देखी थी और उसे औपचारिक मैसेज किया था। परिजनों के मुताबिक सुशील ने यह चैट देख ली और तभी से पत्नी पर शक करने लगा। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से पत्नी पर हमला करने की फिराक में था। पुलिस इन तथ्यों की जांच कर रही है।

मजदूरों ने शोर मचाकर रोकने का किया प्रयास

कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2.15 बजे सालाबाद रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों ने पुलिस को बताया कि युवक को ट्रेन की ओर जाते देखकर उन्होंने शोर मचाया और उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह डीआरएम स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी रामगोपाल, सीओ देवेंद्र जाखड़, कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर और सदर थाना प्रभारी अवतार सिंह, आरपीएफ चौकी प्रभारी तुलसीराम मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। तलाशी में मिले दस्तावेजों से मृतक की पहचान सुशील प्रजापत के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी।

महिला का चल रहा इलाज

परिजनों की तहरीर पर मर्ग दर्ज कर एएसआई हरिशंकर ने बयाना उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पत्नी पर हुए हमले और उसके बाद युवक की मौत के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महिला गंभीर घायल हुई है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की करीब 3 साल पहले शादी हुई थी। सुशील सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
13 Sept 2026 07:48 pm
Published on:
13 Sept 2026 07:48 pm