भरतपुर

राजस्थान के कारोबारी की दिल्ली में हत्या, फैक्ट्री के बाहर 20 बार घोंपा चाकू, 6 महीने के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

भरतपुर निवासी 27 वर्षीय फुटवियर कारोबारी रवि चौधरी की नरेला औद्योगिक क्षेत्र में 15-20 बदमाशों ने 20 से अधिक चाकू वार कर हत्या कर दी। 12,500 के विवाद के बाद वारदात हुई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश शुरू की।
2 min read
Feb 23, 2026
Bharatpur businessman Delhi murder
Bharatpur businessman Delhi murder accused arrested (Photo Social Media)

Bharatpur businessman Delhi murder: देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां भरतपुर जिले के रहने वाले 27 वर्षीय फुटवियर कारोबारी रवि चौधरी की बदमाशों ने सरेराह बेरहमी से हत्या कर दी।

बता दें कि घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें करीब 15-20 हमलावर रवि को घेरकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करते दिख रहे हैं।

जान बचाने के लिए भागा, पर मौत ने नहीं छोड़ा पीछा

घटना 20 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे की है। रवि अपनी फैक्ट्री बंद कर हेलमेट लगाकर बाइक पर बैठने ही वाला था कि अचानक बदमाशों के एक झुंड ने उन पर धावा बोल दिया। अपनी जान बचाने के लिए रवि सड़क पर भागा।

लेकिन हमलावरों ने उसे थोड़ी ही दूर पर दबोच लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने रवि के शरीर पर 20 से अधिक वार किए। खून से लथपथ रवि ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ये रही विवाद की जड़, महज 12,500 का हिसाब और कर्मचारी की धमकी

  • रवि के बड़े भाई रणवीर चौधरी ने बताया कि यह पूरी साजिश एक मामूली कहासुनी से शुरू हुई थी।
  • 19 फरवरी को फैक्ट्री के एक कर्मचारी 'राहिल' से रवि का विवाद हुआ था।
  • विवाद बढ़ने पर रवि ने राहिल को काम से निकाल दिया।
  • राहिल ने जाते-जाते रवि को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
  • 20 फरवरी की सुबह ठेकेदार सलमान का फोन आया और उसने सभी कर्मचारियों का हिसाब करने को कहा।
  • रवि ने ईमानदारी दिखाते हुए राहिल के खाते में 12,500 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
  • लेकिन उसे क्या पता था कि वही रात उसकी आखिरी रात होगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भरतपुर के धौर का नगला निवासी रवि पिछले 14 सालों से दिल्ली में रह रहा था। 4 साल पहले ही दोनों भाइयों ने अपनी फुटवियर फैक्ट्री शुरू की थी। रवि के पीछे उसकी पत्नी और दो मासूम बेटे हैं।

बड़ा बेटा गगन अभी महज 2 साल का है, जबकि छोटा बेटा करण सिर्फ 6 महीने का है। पिता की मौत के बाद मासूमों के सिर से साया उठ गया है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्रवाई

परिजनों की शिकायत पर दिल्ली की नरेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने अब तक एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Published on:
23 Feb 2026 08:35 am