
भरतपुर। भरतपुर-कुम्हेर मार्ग पर बाबूलाल होम्स कैनाल के पास गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में अधैयां गांव स्थित पौधावन धाम के महंत बाबा अनिल दास की मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार भतीजा गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली मोटरसाइकिल को रौंदते हुए सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बाबा अनिल दास अपनी भतीजे गौरव के साथ मोटर साइकिल से भरतपुर की तरफ जा रहे थे। वहीं, गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी कुम्हेर से भरतपुर की ओर जा रही थी। रास्ते में दोनों वाहनों के सवारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में लेते हुए सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में बाबा अनिल दास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार हादसे में शामिल ट्रैक्टर चालक और बाइक सवार बाबा अनिल दास व गौरव एक ही गांव अधैयां के निवासी है। बताया जा रहा है कि बाबा अनिल दास और ट्रैक्टर चालक के परिवारों के बीच गोत-नोहरे की जमीन को लेकर करीब दो साल से विवाद चल था। ऐसे में हादसे को लेकर ग्रामीणों में रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को कुम्हेर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बाबा अनिल दास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर घायल गौरव को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।