
Bharatpur Tourists Bus Accident: भरतपुर जिले में मंगलवार को विदेशी पर्यटकों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सेवर थाना क्षेत्र में भवनपुरा गांव के पास हुआ। बस में सवार 7 विदेशी पर्यटक घायल हो गए। घायलों में महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। बस चालक को भी चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बस में इंग्लैंड और ब्रिटेन के 18 पर्यटक सवार थे। इनके अलावा दो टूरिस्ट गाइड, एक मैकेनिक, चालक और हेल्पर सहित बस का स्टॉफ भी मौजूद था। सभी पर्यटक राजस्थान घूमने आए थे। बस अलवर के सरिस्का से आगरा जा रही थी। आगरा पहुंचने से पहले पर्यटकों को भरतपुर के एक होटल में रुकना था।
बस चालक रमेश ने बताया कि वह लुधावई टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचा था। इसी दौरान अचानक बस का स्टेयरिंग जाम हो गया। स्टेयरिंग जाम होने से बस पर नियंत्रण नहीं रहा और वह डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सेवर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार, बस में करीब 18 विदेशी पर्यटक सवार थे। हादसे में 7 पर्यटकों को चोटें आई हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। घायलों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। बस चालक भी घायल हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह बस अलवर के सरिस्का से आ रही थी और आगरा जा रही थी। पर्यटकों को आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर एक होटल में ठहरना था। इसी दौरान दोपहर करीब साढ़े तीन बजे भवनपुरा गांव के पास बस का स्टेयरिंग लॉक हो गया, जिससे चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस हादसे में 7 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल भिजवा दिया गया है। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, बस में सवार सभी पर्यटक यूके के रहने वाले हैं। ये सभी सरिस्का घूमने के बाद आगरा जा रहे थे। पुलिस ने पर्यटकों का सामान शिफ्ट करवाकर उन्हें गंतव्य तक भेजने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल, पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू करवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जिन पर्यटकों को चोट नहीं आई, उन्हें आगे भेजने की व्यवस्था की जा रही है। पर्यटकों को आगरा जाना था। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और अन्य पर्यटकों को सुरक्षित रवाना करने की प्रक्रिया शुरू की।