भरतपुर

काल बनकर आया टैंकर, 500 मीटर तक घसीटी बाइक, पिता-पुत्र की हुई दर्दनाक मौत

Bharatpur News : एक घर से दूसरे घर जा रहे पिता-पुत्र पर टैंकर कहर बनकर बरपा और बाइक को घसीटते हुए करीब पांच सौ मीटर दूर ले गया।
2 min read
• •
Updated: 10 Aug 2024, 12:29 PM IST
Feature image

भरतपुर. एक घर से दूसरे घर जा रहे पिता-पुत्र पर टैंकर कहर बनकर बरपा और बाइक को घसीटते हुए करीब पांच सौ मीटर दूर ले गया। घटना में दोनों पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे अपने स्टेशन रोड स्थित घर से सुन्दरावली मार्ग पर बने नए घर पर बाइक से जा रहे एक पिता-पुत्र को तेज रफ्तार टैंकर ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे पिता रामलाल सैनी ( 60 ) व पुत्र हरेंद्र सैनी (23) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भयानक थी कि प्रत्यक्षदर्शियों ने आक्रोशित होकर सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शव रखकर प्रदर्शन करने लगे।

तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से हुई दो मौतों के बाद लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई। बताया जा रहा है कि घटना की सूचना के बाद करीब आधे घंटे देरी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की कार्यशैली से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस को खरी खोटी सुनाते हुए सड़क जाम कर दिया। इसके बाद पुलिस के उप अधीक्षक आशीष प्रजापत मौके पर पहुंचे और उनसे बात नही बनी तो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की।

तेज रफ्तार टैंकर ने कस्बे के मंदिर बाली हनुमान मंदिर के पास बाइक को अपनी चपेट में लिया। बाइक जैसे ही टैंकर की चपेट में आई, पिता रामलाल टैंकर के नीचे आ गए। उसके बाद टैंकर चालक ने टैंकर की रफ्तार और तेज की व बाइक और हरेंद्र को घसीटता रहा। करीब 150 फीट दूरी पर जाकर हरेंद्र भी टैंकर के नीचे आ गया और उसके भी करीब 300 फीट दूरी तक बाइक को घसीटता रहा। आगे एक गोवंश में टक्कर मारी और टैंकर लेकर फरार हो गया। मृतक रामलाल गत 31 जुलाई को ही स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग से सेवानिवृत्त हुआ था तथा पुत्र हरेंद्र कस्बे के राजकीय विद्यालय में कम्प्यूटर अनुदेशक के पद पर कार्य कर रहा था।

घटना की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कराई थी और पीछा करते हुए डीग मार्ग पर गांव बेढम की चौकी के पास कच्चे रास्ते से टैंकर को पकड़ लिया है। - विनोद कुमार मीणा, थानाधिकारी थाना, नगर

Updated on:
10 Aug 2024, 12:29 PM IST
Published on: