भरतपुर

Deeg News: लिव-इन पार्टनर के साथ रहने की जिद में टावर पर चढ़ी दो बच्चों की मां, 4 घंटे बाद उतरी

डीग जिले कामां क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लिव-इन पार्टनर के साथ रहने की मांग को लेकर दो बच्चों की मां मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला करीब चार घंटे तक टावर पर रही। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने समझाइश की।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Deeg News
Deeg: महिला को अपने साथ ले जाती पुलिस। (फोटो-पत्रिका)

डीग। पति को छोड़ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली दो बच्चों की मां मंगलवार सुबह अपने पार्टनर के साथ रहने की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने महिला को समझाने का प्रयास किया। करीब चार घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद महिला को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया।

जानकारी के अनुसार, महिला मूल रूप से अलवर जिले के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है। उसकी शादी भरतपुर जिले के कामां क्षेत्र में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। करीब दो साल पहले महिला का क्षेत्र में रहने वाले एक युवक से संपर्क हुआ था। इसके बाद वह अपने पति और बच्चों से अलग होकर संबंधित युवक के साथ रहने लगी थी।

मोबाइल टावर से नीचे उतरती महिला। (फोटो-पत्रिका)

प्रेमी के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा

कुछ समय साथ रहने के बाद दोनों के बीच मनमुटाव हो गया और महिला अलग रहने लगी। इसके बाद महिला की ओर से संबंधित युवक के खिलाफ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस की ओर से जांच के बाद उस मामले में एफआर लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद दोनों के बीच संबंध समाप्त होने की बात भी सामने आई।

अकेले रह रही थी महिला

महिला बाद में कामां कस्बे में अलग किराये के मकान में रहने लगी। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह अंबेडकर सर्किल स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रहने की मांग कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया।

प्रेमी को बुलाने के बाद महिला टावर से उतरी

बताया जा रहा है कि पुलिस ने संबंधित युवक को भी मौके पर बुलाया। बातचीत और समझाइश के बाद महिला टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस ने महिला और युवक को थाने ले जाकर मामले की जानकारी जुटाई। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

सूचना एएसपी भी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलने पर कामां एएसपी दिनेश यादव और सीओ राजेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। थाने के एएसआई बंशी सिंह ने बताया कि समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित टावर से नीचे उतार लिया गया। हादसे जैसी स्थिति बनने से पहले महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिए जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। घटनाक्रम के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
29 Sept 2026 07:58 pm
Published on:
29 Sept 2026 07:58 pm