भिलाई

25 हजार रुपए दो, नौकरी पक्की! Cognizant, Jio, Myntra के नाम पर 16 हजार युवाओं को ठगने का नया जाल, जानें तरीका

Job Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को बड़ी कंपनियों में प्लेसमेंट दिलाने के नाम पर ठगी का जाल फैलाया जा रहा है। Cognizant, Jio और Myntra जैसी कंपनियों में नौकरी का झांसा देकर 25 हजार रुपए मांगे जा रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 3:38 PM IST
WhatsApp Job Scam
युवाओं तक पहुंचा फर्जी प्लेसमेंट का जाल (फोटो सोर्स- AI)

भिलाई@मोहम्मद जावेद। Fake Job Placement: 25 हजार रुपए दीजिए और कॉग्निजेंट, जियो, मिंत्रा जैसी देश की दर्जनों नामी कंपनियों में नौकरी पाइए। रोजगार की तलाश कर रहे प्रदेशभर के युवाओं को इन दिनों इसी तरह के झांसे में लेकर ठगा जा रहा है। इंजीनियरिंग, बीसीए, बीबीए, एमबीए और स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके छत्तीसगढ़ के युवाओं के बीच नौकरी दिलाने का यह जाल वाट्सऐप ग्रुप और चैनल के जरिए तेजी से फैल रहा है। वाट्सऐप पर संचालित ‘प्रिसाइज प्लेसमेंट सर्विसेज’ नाम के चैनल से 16 हजार से ज्यादा युवा जुड़े हुए हैं, जहां बड़ी कंपनियों में सीधे चयन और सफल जॉइनिंग के संदेश डाले जा रहे हैं।

आश्चर्य की बात यह है कि प्रदेश के सैकड़ों युवाओं ने इसमें पंजीयन करा लिया है और कई ने अग्रिम राशि का भुगतान भी कर दिया है। अब ठग न तो युवाओं का फोन उठा रहे हैं और न ही व्वाट्सऐप पर कोई प्रतिक्रिया दे रहे हैं। चैनल पर दिए गए दो मोबाइल नंबर कॉल करने पर बंद या अमान्य बताए जा रहे हैं और वाट्सऐप पर भी संपर्क टूट चुका है। इसके बावजूद चैनल पर नए युवाओं को फंसाने के लिए कथित चयन के संदेश लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं।

ऐसे भरोसा दिला रहे ठग…

एक इंजीनियरिंग विद्यार्थी ने इस नेटवर्क से हुई बातचीत के स्क्रीनशॉट साझा किए हैं, जिसमें ठगी का पूरा तरीका सामने आया है। बातचीत में विद्यार्थी को बताया गया कि प्लेसमेंट के लिए कुल 25 हजार रुपए देने होंगे, जिसमें से 50 प्रतिशत यानी 12,500 रुपए पहले जमा करने होंगे और शेष राशि चयन के बाद देनी होगी। पूरी प्रक्रिया 20 से 25 कार्यदिवस में पूर्ण करने तथा चयन न होने पर दूसरी नौकरी दिलाने या 7-8 कार्यदिवस में पूरी रकम लौटाने का झांसा दिया गया।

साक्षात्कार भी हम देंगे, तुम्हें कुछ नहीं करना

बातचीत में जब विद्यार्थी ने पूछा कि सीधे चयन की स्थिति में साक्षात्कार कैसे होगा, तो जवाब मिला कि दो दौर के साक्षात्कार होंगे और दोनों दौर वे खुद संभालेंगे। उम्मीदवार को कुछ करने की जरूरत नहीं होगी। सवाल यह है कि किसी प्रतिष्ठित कंपनी की भर्ती प्रक्रिया को कोई बाहरी एजेंसी अपने हाथ में कैसे ले सकती है, जबकि अंतिम चयन कंपनी के अपने मानव संसाधन विभाग और अधिकारियों के मूल्यांकन से होता है।

तीसरे वर्ष के छात्र को भी हरी झंडी

बीटेक तृतीय वर्ष के एक विद्यार्थी ने जब आवेदन की पात्रता पूछी, तो उसे भी अनुमति दे दी गई। उसे कॉग्निजेंट कंपनी में ग्राहक सेवा विशेषज्ञ के पद का विज्ञापन भेजा गया, जिसमें न्यूनतम एक वर्ष का अनुभव अनिवार्य था। इसके बावजूद अनुभवहीन छात्र से रिज्यूमे और आधार कार्ड मांगे गए। इससे भर्ती की सत्यता के साथ-साथ युवाओं के निजी दस्तावेजों के दुरुपयोग का गंभीर खतरा भी खड़ा हो गया है।

नौकरी के नाम पर क्या सही है?

  • संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भर्ती की जानकारी देखें।
  • कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) विभाग से सीधे संपर्क कर नौकरी की पुष्टि करें।
  • अपनी शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के अनुरूप ही आवेदन करें।
  • साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में स्वयं शामिल हों तथा चयन होने पर कंपनी का आधिकारिक नियुक्ति पत्र प्राप्त करें।

ये गलतियां बिल्कुल न करें

  • नौकरी पक्की करने के नाम पर 12,500 या 25 हजार रुपए अग्रिम न दें- पैसे मांगने वाला हर व्यक्ति ठग है।
  • 100 प्रतिशत चयन की गारंटी पर भरोसा न करें और किसी अनजान व्यक्ति को आधार कार्ड या बैंक विवरण न भेजें।
  • अपनी जगह किसी दूसरे व्यक्ति को साक्षात्कार देने की अनुमति कतई न दें; यह न केवल असंभव है बल्कि कानूनी अपराध भी है।

ठगी हो जाए तो तत्काल क्या करें?

  • भुगतान का प्रमाण, चैट के स्क्रीनशॉट और संबंधित मोबाइल नंबर सुरक्षित रखें।
  • साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही अपने नजदीकी थाने या साइबर सेल में जाकर लिखित शिकायत दें।

किसी अनजान ग्रुप से न जुड़ें, तत्काल थाने में शिकायत करें

यदुमणि सिदार, डीएसपी (क्राइम) के मुताबिक, नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले जालसाज कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं। विद्यार्थियों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान वाट्सऐप ग्रुप से न जुड़ें और न ही नौकरी के नाम पर किसी के खाते में पैसे ट्रांसफर करें। ठगी का मामला सामने आते ही नजदीकी थाने या साइबर सेल में शिकायत करें। पुलिस संबंधित वाट्सऐप ग्रुप, मोबाइल नंबर और कंपनी की सत्यता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

पैसे लेकर चयन की कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं होती

डॉ. अनूप मिश्रा, प्राचार्य (बीआईटी, दुर्ग) के मुताबिक, नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेकर चयन की गारंटी देने की कोई भर्ती प्रक्रिया नहीं होती। किसी भी कंपनी में चयन उम्मीदवार की योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर होता है। विद्यार्थियों को ऐसे दावों के झांसे में आने के बजाय संबंधित कंपनी से सीधे संपर्क कर भर्ती प्रक्रिया की पुष्टि करनी चाहिए।

Updated on:
18 Nov 2026, 3:38 PM IST
Published on: