
Electric Bus Service: शहर में सार्वजनिक परिवहन का सफर अब जेब पर भारी नहीं पड़ेगा। साल के अंत तक भिलाई-दुर्ग की सडक़ों पर उतरने जा रही वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बसों का किराया इतना किफायती होगा कि इसके मुकाबले ऐप आधारित कैब 21 गुना और ऑटो 13 गुना से भी अधिक महंगे साबित होंगे। उदाहरण के तौर पर, रेलवे स्टेशन दुर्ग से पावर हाउस तक के सफर के लिए जहां ऐप कैब में 323 रुपए और ऑटो में 200 रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं, वहीं एसी ई-बस में महज 15 रुपए लगेंगे। नगर पालिक निगम भिलाई को केंद्र की योजना के तहत कुल 50 ई-बसों के संचालन की मंजूरी मिली है, जिनमें से पहले चरण में 20 एसी ई-बसें सडक़ों पर उतारने की तैयारी अंतिम चरण में है।
ई-बसों के संचालन से भिलाई-दुर्ग से राजधानी रायपुर तक रोजाना नौकरी, व्यापार और पढ़ाई के लिए अप-डाउन करने वाले हजारों यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक विकल्प मिलेगा। इससे निजी बसों में होने वाली भीड़, धक्का-मुक्की और मनमाने किराए से राहत मिलेगी। साथ ही ई-रिक्शा (137 रुपए) और बाइक टैक्सी (82 रुपए) के महंगे किराए की तुलना में लोग बेहद कम खर्च में एसी सफर कर सकेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना दोपहिया वाहनों से रायपुर आने-जाने वाले लोग भी अपनी गाड़ी घर छोडक़र जाम व दुर्घटना के जोखिम से बच सकेंगे।
दूसरी ओर, ई-बसों के प्रस्तावित रूट को लेकर निजी बस संचालक विरोध जता रहे हैं। संचालकों ने रायपुर में शासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कलेक्टर दुर्ग और भिलाई निगम आयुक्त से रूट बदलने की मांग की है। इस विषय को लेकर निजी बस संचालक शुक्रवार को एक बार फिर निगम आयुक्त से मुलाकात करने की तैयारी में हैं।
परिवहन का अनुमानित
साधन किराया
कैब (कार) 323 रुपए
ऑटो 200 रुपए
ई-रिक्शा 137 रुपए
बाइक टैक्सी 82 रुपए
निजी बस 20 रुपए
एसी ई-बस 15 रुपए
शहर का स्टॉपेज एसी ई-बस निजी बस यात्री की
का किराया का किराया सीधी बचत
दुर्ग से नेहरू नगर 8 रुपए 10 रुपए 2 रुपए
दुर्ग से पावर हाउस 15 रुपए 20 रुपए 5 रुपए
दुर्ग से भिलाई-3 21 रुपए 35 रुपए 14 रुपए
दुर्ग से चरोदा 25 रुपए 40 रुपए 15 रुपए
दुर्ग से कुम्हारी 31 रुपए 50 रुपए 19 रुपए
दुर्ग से टाटीबंध 33 रुपए 60 रुपए 27 रुपए
दुर्ग से रायपुर 45 रुपए 70 रुपए 25 रुपए