प्रत्याशी चयन के लिए भिलाई पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारी और पर्यवेक्षकों के सामने रविवार को गुटबाजी हावी रही है।
भिलाई. प्रत्याशी चयन के लिए भिलाई पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के संगठन पदाधिकारी और पर्यवेक्षकों के सामने रविवार को गुटबाजी हावी रही है। भिलाई नगर, वैशाली नगर और अहिवारा विधानसभा से प्रत्याशी चुनने बतौर पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री लता उसेंडी, रामप्रताप सिंह और सांसद विक्रम उसेंडी भिलाई के गायत्री मैरिज पैलेस चिखली पहुंचे थे। इस दौरान भिलाई जिला संगठन में व्याप्त गुटबाजी उभर कर सामने आ गई। एक कार्यकर्ता ने तो यहां तक कह दिया कि संगठन के लोग मंत्री प्रेमप्रकाश के समर्थकों को अछूत समझते हैं। उनका इशारा भाजपा जिला अध्यक्ष सांवलाराम डाहरे की तरफ था।
भाजपा भिलाई जिले में कार्यकर्ता प्रेम प्रकाश और सरोज समर्थक के रूप बंटे हुए
बता दें कि भाजपा भिलाई जिले में कार्यकर्ता मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सरोज पांडेय के समर्थक के रूप में बंटे हुए हैं। संगठन के (जिला अध्यक्ष) सहित अधिकतर पदों पर सरोज समर्थकों का दबादबा और कब्जा है। इसी के चलते प्रेमप्रकाश के समर्थकों ने संगठन के पदाधिकारियों से अघोषित दूरी बना ली है। जहां संगठन के कार्यक्रमों में पांडेय समर्थक अनुपस्थित रहते हैं वहीं मंत्री के कार्यक्रम में संगठन के लोग भी नदारत रहते हैं।