
कार्यकर्ताओं की पसंद जानने रविवार को आएंगे भाजपा पर्यवेक्षक, दावेदार जोड़तोड़ न कर सकें, इसलिए नाम गोपनीय
दुर्ग. भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन में कोई भी चूक करने के मूड में नहीं है। यही वजह है कि सर्वे के बाद अब स्थानीय कार्यकर्ताओं की प्रत्याशी को लेकर पसंद जानने की तैयारी है। रायशुमारी बेहद गोपनीय ढंग से कराई जाएगी। भाजपा के पर्यवेक्षक रविवार को पूरे प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं से उनकी पसंद जानने रायशुमारी करेंगे, लेकिन कौन पर्यवेक्षक कहां जाएगा यह बेहद गोपनीय रखा गया है। पर्यवेक्षक प्रदेश भाजपा कार्यालय से सीधे संबंधित जिलों में रवाना किए जाएंगे। पर्यवेक्षक संबंधित जिलों के कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन शैली में फीडबैक लेकर भाजपा कार्यालय लौटकर रिपोर्ट सौंपेंगे।
पर्यवेक्षक संबंधित जिले में किसी नेता अथवा कार्यकर्ता के घर भी नहीं ठहरेंगे
भाजपा संगठन से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद पर्यवेक्षकों को संबंधित जिलों में रवना किया जाएगा। पर्यवेक्षकों के संबंधित जिले में पहुंचने से पहले किसी से भी संपर्क पर भी बंदिश रखी गई है। पर्यवेक्षक संबंधित जिले में किसी नेता अथवा कार्यकर्ता के घर भी नहीं ठहरेंगे। इसकी जगह वे सीधे बैठक स्थल पर पहुंचेंगे और रायशुमारी करेंगे। रायशुमारी के बाद भी पर्यवेक्षकों को सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचने कहा जाएगा।
देर रात तय होगा कौन-कहां
जानकारी के मुताबिक हर तीन विधानसभा के लिए एक पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जाएगी। इन पर्यवेक्षकों को शनिवार की शाम को तैयारी के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय बुला लिया गया था। यहां देर रात उन्हें किस जिले में जाना है, इसकी जानकारी देकर रवाना किया जाएगा।
पहली बार पर्यवेक्षकों के नाम गोपनीय
भाजपा संगठन से जुड़े सूत्रों की माने तो इससे पहले तक 2 से 3 दिन पहले पर्यवेक्षकों का नाम सार्वजनिक कर दिया जाता था, लेकिन इसमें कई लोगों द्वारा अलग से मेल मिलाप की शिकायत रहती थी। इसलिए इस बार पर्यवेक्षकों के नाम गोपनीय रखने का रणनीति तय की गई है।
यहां कब-किनसे होगी चर्चा
जिला भाजपा कार्यालय में 3 विधानसभा क्षेत्रों के चुनिंदा प्रतिनिधियों को पर्यवेक्षकों से बैठक के लिए बुलाया गया है। इनमें पाटन, दुर्ग ग्रामीण और दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र शामिल है। पाटन के कार्यकर्ताओं की बैठक सुबह 11 बजे, दुर्ग ग्रामीण की 12 बजे व दुर्ग शहर की बैठक दोपहर एक बजे से होगी।
90 विस में एक साथ बैठक
प्रदेश कार्यालय से देर रात पूरे प्रदेश भर में पर्यवेक्षकों को रवाना किया जाएगा। ये पर्यवेक्षक सुबह 11 बजे सीधे प्रत्येक संगठन जिला के मुख्यालय में पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। यह बैठक पूरे प्रदेश में एक साथ होगी। बैठक के तत्काल बाद ये प्रदेश भाजपा कार्यालय रवाना हो जाएंगे।
Published on:
13 Oct 2018 11:59 pm
बड़ी खबरें
View Allदुर्ग
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
