
Diwali Bonus: दीपावली से ठीक पहले महामुहूर्त 'पुष्य नक्षत्र' के शुभ संयोग और कर्मचारियों को मिले त्योहारी बोनस ने भिलाई-दुर्ग के बाजारों में जबरदस्त उछाल ला दिया है। त्योहारी खरीदारी के पहले ही बड़े पड़ाव पर बाजार में रेकॉर्ड धनवर्षा देखने को मिली है। कारोबारियों का कहना है कि यह 100 करोड़ की लिक्विडिटी बाजार के लिए 'सीड मनी' का काम कर रही है, जिसके बल पर आम उपभोक्ता अपनी बचत, फाइनेंस और त्योहारी योजनाओं को मिलाकर 500 करोड़ के महा-कारोबार का सृजन कर रहे हैं।
ट्विनसिटी की अर्थव्यवस्था की धडक़न माने जाने वाले संयंत्र और रेल कर्मियों के खातों में नकदी पहुंचते ही बाजार में खरीदारों का सैलाब उमड़ पड़ा है। सेल प्रबंधन द्वारा 2,600 अधिकारियों को 20 हजार से 1.75 लाख रुपए तक पीआरपी (परफॉर्मेंस रिलेटेड पे) दिए जाने के बाद, हाल ही में नियमित कर्मचारियों के खातों में 32 करोड़ रुपए से अधिक की बोनस राशि ट्रांसफर की गई।
इसके अतिरिक्त बीएसपी में कार्यरत करीब 27 हजार ठेका श्रमिकों को 5 हजार से 10 हजार रुपए प्रति श्रमिक के हिसाब से लगभग 27 करोड़ का भुगतान हुआ है। रेलवे के 400 कर्मियों के खातों में आठ हजार की दर से बोनस पहुंचा, वहीं भिलाई के औद्योगिक अंचल में कार्यरत करीब 50 हजार कामगारों को 5 से 10 हजार बोनस रुपए मिलने से कुल मिलाकर 100 करोड़ से अधिक की लिक्विडिटी सीधे बाजार में पहुंच गई है।
बोनस की बदौलत ऑटोमोबाइल सेक्टर में बंपर बुकिंग देखने को मिल रही है। पेट्रोल वाहनों के साथ-साथ इस बार इलेक्ट्रिक दोपहिया (श्वङ्क) और नई फैमिली कारों की मांग में भारी इजाफा हुआ है। धनतेरस और दीपावली की डिलीवरी के लिए पहले से ही सैकड़ों गाडिय़ां बुक हो चुकी हैं।
पुष्य नक्षत्र के अबूझ मुहूर्त पर पारंपरिक सोने-चांदी के सिक्कों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और लाइटवेट ट्रेंडी ज्वेलरी की जोरदार बिक्री दर्ज की गई। त्योहारी सुरक्षा और शुद्धता को देखते हुए लोग हॉलमार्क ज्वेलरी और डिजिटल बिलिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं।
पहली पसंद इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट बना हुआ है। 4के स्मार्ट टीवी, साइड-बाय-साइड रेफ्रिजरेटर, ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन और 5के स्मार्टफोन्स के काउंटरों पर खासी भीड़ है। कंपनियां नो-कॉस्ट ईएमआई और तुरंत कैशबैक के साथ एक्सचेंज बोनस का बड़ा लाभ दे रही हैं।
रेडीमेड परिधानों, हैंडलूम और होम डेकोर के साथ पारंपरिक मिठाई दुकानों व बेकरी पर भी अग्रिम ऑर्डर बुक होने लगे हैं। कॉर्पोरेट गिफ्टिंग और रिश्तेदारों को भेंट देने के लिए गिफ्ट पैक की भारी मांग है।
पार्किंग व्यवस्था: प्रमुख बाजारों जैसे आकाशगंगा, सुपेला व इंदिरा मार्केट में ट्रैफिक पुलिस के अस्थायी पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, ताकि नो-पार्किंग चालान और जाम से बचा जा सके।
डिजिटल भुगतान: दुकानों पर भारी भीड़ के समय कैश के बजाय यूपीआई या कार्ड स्वाइप का उपयोग करें, हालांकि नेटवर्क कंजेशन को देखते हुए सीमित नकदी साथ रखना भी समझदारी होगी।
गारंटी व पक्का बिल: त्योहारी हड़बड़ी में कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या आभूषण खरीदते समय अधिकृत जीएसटी बिल और वारंटी कार्ड लेना न भूलें।