भिलाई

भिलाई के इस इलाके में हर बार BJP की जीत, क्या आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस बदल पाएगी इतिहास?

Chhattisgarh Civic Election: भिलाई नगर निगम के नेहरू नगर में परिसीमन और वार्डों के नंबर बदलने के बावजूद भाजपा का चुनावी दबदबा कायम रहा है।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 10:02 AM IST
Bhilai Municipal Election
भिलाई में BJP का सबसे मजबूत चुनावी गढ़ नेहरू नगर (Photo Source- Patrika)

Bhilai Municipal Election: नगर पालिक निगम भिलाई के चुनावी इतिहास में नेहरू नगर ऐसा क्षेत्र बनकर उभरा है, जहां समय-समय पर वार्डों की सीमाएं बदलीं, परिसीमन के बाद वार्डों के नंबर बदल गए और पार्षद पद के प्रत्याशी भी बदलते रहे, लेकिन चुनावी नतीजों में कोई बदलाव नहीं आया। अब तक हुए सभी निगम चुनावों व उपचुनावों में यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जीत का परचम लहराया है। यही कारण है कि नेहरू नगर को भाजपा का सबसे मजबूत चुनावी गढ़ माना जाता है। आगामी निगम चुनाव में भी इस क्षेत्र में कांग्रेस के सामने भाजपा के इस अजेय किले को भेदने की बड़ी चुनौती होगी।

Ward Delimitation: सभी चुनावों में भाजपा का दबदबा

नेहरू नगर के चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो भाजपा की निरंतर सफलता साफ दिखाई देती है। पहले निगम चुनाव में भाजपा के उबारन टंडन ने जीत दर्ज की। दूसरे चुनाव में ललिता पिल्ले, तीसरे में आरजे सिंह और चौथे चुनाव में राकेश अरोरा ने भाजपा का परचम लहराया। वर्ष 2019 के उपचुनाव में भाजपा के जयप्रकाश यादव ने 661 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी अतुल श्रीवास्तव (424 वोट) को पराजित किया। इसके बाद परिसीमन में यह क्षेत्र वार्ड-4 के रूप में सामने आया और 2021 के निगम चुनाव में भी भाजपा की चंद्रेश्वरी बांधे पार्षद निर्वाचित हुईं।

Political News Chhattisgarh: सीमाएं बदलीं, पर बरकरार रहा रुख

नेहरू नगर क्षेत्र अलग-अलग चुनावों में नगर निगम के विभिन्न वार्डों का हिस्सा रहा है। राजनीतिक और प्रशासनिक परिसीमन के चलते वार्डों की भौगोलिक सीमाएं बदलती रहीं, लेकिन इस क्षेत्र के मतदाताओं का चुनावी रुझान अपरिवर्तित रहा। हर चुनाव में कांग्रेस ने मुकाबला किया, पर भाजपा के मजबूत संगठनात्मक आधार, परंपरागत समर्थन और स्थानीय समीकरणों के सामने उसे हार का सामना करना पड़ा। पार्टी ने हमेशा ऐसे स्थानीय चेहरों को मौका दिया, जिनकी क्षेत्रवासियों के बीच मजबूत पकड़ रही।

गढ़ बचाने और भेदने की दोहरी चुनौती

आगामी चुनाव में कांग्रेस के सामने केवल मजबूत प्रत्याशी उतारने की ही नहीं, बल्कि मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने और भाजपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंध लगाने की बड़ी चुनौती होगी। दूसरी ओर, भाजपा पर अपनी पुरानी जीत का सिलसिला बरकरार रखने का दबाव रहेगा। बदली हुई सीमाओं के बीच सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि क्या कांग्रेस इस अभेद्य किले को भेद पाएगी या नेहरू नगर एक बार फिर भाजपा के नाम रहेगा।

Updated on:
20 Nov 2026, 10:02 AM IST
Published on: