
BSc Nursing Admission: दुर्ग-भिलाई सहित प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश का एक और अवसर सामने आया है। राज्य के निजी नर्सिंग कॉलेजों में इस वर्ष प्रवेश की रफ्तार धीमी रहने से दो चरणों की काउंसलिंग और मॉपअप राउंड के बाद भी करीब 47 फीसदी सीटें खाली रह गई हैं। प्रदेश के निजी संस्थानों में बीएससी नर्सिंग की कुल 6405 सीटों में से 2994 सीटों पर दाखिले नहीं हो पाए हैं।
रिक्त सीटों को भरने के लिए अब स्ट्रे राउंड की प्रक्रिया शुरू की गई है। सीटें खाली रहने के कारण निजी नर्सिंग कॉलेज विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए आकर्षित करने तरह-तरह के विकल्प दे रहे हैं। कई संस्थानों में ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत तक छूट की पेशकश की जा रही है, तो कहीं डिग्री पूरी होने के बाद शुल्क जमा करने की सुविधा दी जा रही है।
शुरुआती चरणों के बाद उम्मीद थी कि मॉपअप राउंड में अधिकांश सीटें भर जाएंगी, लेकिन निजी कॉलेजों की 2994 सीटों के साथ-साथ शासकीय नर्सिंग कॉलेजों में भी 113 सीटें खाली बच गई हैं। इस तरह कई चरणों की काउंसलिंग के बाद भी सरकारी और निजी दोनों संस्थानों में बड़ी संख्या में सीटें रिक्त हैं।
संचालनालय चिकित्सा शिक्षा (डीएमई) ने रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए स्ट्रे राउंड शुरू कर दिया है। बीएससी नर्सिंग सहित चार नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों के लिए नए ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए हैं। विशेष छूट के तहत बीएससी नर्सिंग में 10 परसेंटाइल तक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है, हालांकि यह छूट केवल बीएससी नर्सिंग कोर्स के लिए ही लागू होगी।