
राजनांदगांव. जिले में सीजी बोर्ड 10 वीं और 12 वीं में टॉप-टेन में आने वाले होनहार विद्यार्थियों ने अपनी सफलता के टिप्स पत्रिका से शेयर किए है। विद्यार्थियों ने बताया कि कैसे और किस तरह से टॉप-टेन में आने के लिए मेहनत और पढ़ाई की है। दोनों विद्यार्थियों ने टॉपर बनने का लक्ष्य पहले ही निर्धारित कर लिया था। इसके लिए उन्होंने पूरी प्लानिंग के साथ पढ़ाई की। उनकी मानें को पढ़ाई को बोझ न समझकर हंसते-खेलते ही तैयारी करनी चाहिए। इसी उद्ेश्य एवं ध्येय वाक्य ने उन्होंने टॉप-टेन में जगह बनाई है।
पढ़ाई काबिल बनने के लिए करो न कि कामयाब होने के लिए
शहर के शासकीय स्कूल शंकरपुर में पढ़ाई करने वाले अमन सुस्माकर पिता सुनील सुस्माकर ने 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में 8 वां स्थान पर आने का गौरव प्राप्त किया है। अमन ने पत्रिका से चर्चा में बताया कि वह फिल्म अभिनेता आमिर खान की थ्री इडियट्स फिल्म से प्रेरणा लेकर पढ़ाई करता था। उन्होंने कहा कि फिल्म में रणछोड़दास चाचड़ (रैंचो बाबा) का किरदार निभाते हुए आमिर खान ने कहा था कि पढ़ाई काबिल बनने के लिए करो न कि कामयाब होने के लिए। इस बात का फॅालो करते हुए वह सिर्फ रट्टा मारकर नहीं बल्कि समझकर पढ़ाई करता था। इसी तरह वह पढ़ाई को बोझिल न समझकर हर चीज को इंज्वाय करता और टेंशन नहीं लेता। अमन ने बताया कि वह सरकारी में स्कूल में पढ़ाई करता है और यहां के सभी शिक्षक पूरे विद्यार्थियों को पूरी मेहनत के साथ पढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता सुनील सुस्माकर नागलदाह स्कूल में शिक्षाकर्मी है। पिता के अलावा उसे परिवार के सभी सदस्यों ने सहयोग किया है। अमन ने बताया कि वह रोजाना बारी-बारी से 7 से 8 घंटों तक लगातार पढ़ाई की है। उनकी इच्छा मेकेनिकल इंजीनियर में पढ़ाई कर साइंटिस्ट बनने का है।
खगोल शास्त्री बनने की इच्छा
शहर के वेस्लियन स्कूल में पढऩे वाले घनश्याम पिता राजेन्द्र वर्मा ने 12 वीं बोर्ड की परीक्षा गणित विषय के साथ 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश 9 वां स्थान प्राप्त किया है। सीजी बोर्ड में टॉप-टेन में आने वाले घनश्याम ने पत्रिका को बताया कि वह एक मध्यम वर्गीय परिवार से है। उनके पिता का घर में ही एक छोटी सी किराना सामान की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह अपने मेहनत से एक काबिल इंसान बनना चाहता है, और यह पढ़ाई के माध्यम से ही संभव है। घनश्याम ने बताया कि वह रोजाना 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई करता था। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए उनके क्लास टीचर नागेश ने हमेशा पे्ररित किया। घनश्याम का सपना भविष्य में खगोल शास्त्री बनने व कास्मोलाजी और एस्ट्रोफिजिकल करने का है।