भिलाई

CGBSE Fake Call: माशिमं कभी नहीं करता किसी छात्र को फोन, ठग हैं एक्टिव… नंबर बढ़ाने के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल

CGBSE Fraud Call: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी है। इसी बीच रिजल्ट में नंबर बढ़ाने और फेल छात्रों को पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले सक्रिय हो गए हैं।
2 min read
Aug 13, 2026
CGBSE Second Exam Result
नंबर बढ़ाने के नाम पर आ रहे फर्जी कॉल (फोटो सोर्स- AI)

CGBSE Second Main Opportunity Exam: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की द्वितीय मुख्य अवसर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चल रहा है। इसी बीच बोर्ड ने विद्यार्थियों और पालकों को फर्जी फोन कॉल को लेकर सावधान किया है। रिजल्ट में नंबर बढ़ाने, फेल विद्यार्थी को पास कराने या परीक्षा परिणाम में सुधार के नाम पर ठग फोन कर पैसे मांग सकते हैं। बोर्ड ने साफ कहा है कि ऐसे किसी भी कॉल के झांसे में न आएं और पैसे का लेन-देन न करें।

मंडल के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में भी इस तरह की शिकायतें सामने आई थीं। वर्ष 2024 और 2025 में बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट से पहले और बाद में कुछ विद्यार्थियों और पालकों को फोन किए गए थे। फोन करने वालों ने परीक्षा परिणाम बदलने, अंक बढ़ाने या अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को पास कराने का दावा किया और इसके बदले पैसे की मांग की थी।

CGBSE Fake Call: बोर्ड से जुड़े होने का कर सकते हैं दावा

ऐसे मामलों में फोन करने वाला खुद को बोर्ड से जुड़ा अधिकारी या कर्मचारी बताकर विद्यार्थी और उसके परिवार को भरोसे में लेने की कोशिश कर सकता है। इसके बाद कम अंक आने या फेल होने की बात कहकर पैसे देने पर रिजल्ट सुधारने का लालच दिया जा सकता है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रिजल्ट बदलने, अंक बढ़ाने या किसी विद्यार्थी को पास कराने के नाम पर पैसे लेने की कोई व्यवस्था नहीं है। इसलिए किसी भी व्यक्ति के फोन करने पर उसकी बातों पर भरोसा कर पैसे नहीं देने चाहिए।

फोन आए तो पुलिस में शिकायत करें

अगर किसी छात्र या अभिभावक के पास इस तरह का फोन आता है तो इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस थाने में करने की सलाह दी गई है। फोन करने वाले को पैसे देने या अपनी निजी और बैंक से जुड़ी जानकारी साझा करने से भी बचने को कहा गया है। बोर्ड ने अगर किसी विद्यार्थी या पालक को रिजल्ट सुधारने, नंबर बढ़ाने या पास कराने के नाम पर फोन आता है और पैसे मांगे जाते हैं तो भुगतान न करें। शिकायत नजदीकी पुलिस थाने में करें।

Updated on:
13 Aug 2026 01:17 pm
Published on:
13 Aug 2026 01:17 pm