
Chhattisgarh Breaking News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में सिलेंडर के फटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हंसते-खेलते परिवार के चार लोग जिंदा जल गए। मृतको में 2 महिला एक पुरुष और डेढ़ साल की बच्ची शामिल है। इधर इलाके में जोरदार धमाके से लोग सहम उठे। ( Chhattsigarh News) मौके पर पुलिस अधिकारी और दमकल दल पहुंचा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिलेंडर लीक होने की वजह से गैस पूरे घर में फैल गई थी, जिसके चलते बड़ा हादसा हो गया। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक एक तेज धमाका हुआ और घर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। सिलेंडर फटने की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरे मकान को घेर लिया। अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का रास्ता ही नहीं मिला।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। मकान के अंदर से कुल चार शव निकाले गए हैं। इसमें तीन वयस्क (बड़े) और एक करीब डेढ़ साल की बच्ची है। ऐसी आशंका है कि सिलेंडर लीक होने की वजह से गैस पूरे घर में फैल गई थी, जिससे धमाका इतना घातक हुआ। पुलिस ने मृतकों के नाम की पहचान कर ली है।
सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक हंसता-खेलता हुआ अनिल वैष्णव का पूरा परिवार खत्म हो गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान 45 वर्षीय अनिल वैष्णव, 20 वर्षीय लक्ष्मी, 18 वर्षीय चांदनी और 1 साल की गोपिका वैष्णव के रूप में की है। बता दें कि धमाका इतना जोरदार था कि शव के चिथड़े उड़ गए थे। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। फिलहाल मौके पर दमकल की टीम मौजूद है।
दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित महामाया बस्ती में हुए हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल मृतकों के निवास पर पहुँचकर परिजनों से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की। स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के साथ मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
5 लोगों की दर्दनाक मौत, रायगढ़ जिले में हाईवे से गांव तक हादसों का तांडव, जानें पूरी घटना