
भिलाई. विकास यात्रा के द्वितीय चरण के तहत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार पाटन में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों को विकास पसंद नहीं आता है। कथित सीडी कांड का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पाटन स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि है पर कुछ लोग इसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।
बता दें कि पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल पाटन से विधायक हैं। कांग्रेस की सरकार में गरीब और गरीब होते चला गया। बीजेपी ने विकास का बिगुल बजाया है। उन्होंने भारत माला के तहत बनने वाले एक्सप्रेस वे को विकास का रास्ता बताया।
30 कार्यों का भूमिपूजन किया
मुख्यमंत्री ने पाटन में 146 करोड़ 5 लाख के 30 कार्यों का भूमिपूजन किया। 119 करोड़ 59 लाख लागत से 25 कार्यों का लोकार्पण किया। भूमिपूजन कार्यों में प्रमुख रूप से 102 करोड़ 55 लाख के एडीबी प्रोजेक्ट के तहत अंडा-रनचिराई-जामगांव मार्ग, 6 करोड़ 70 लाख से ग्रामीण सड़क नेटवर्क प्रबंधन इकाई भवन निर्माण, 5 करोड़ 42 लाख के फुंडा से अमलेश्वर मार्ग का बीटी रिनीवल कार्य, 4 करोड़ 8 लाख के गुरूनानक चौक से राजेन्द्र चौक तक गौरव पथ उन्नयन कार्य और 3 करोड़ 39 लाख से बटंग-खम्हरिया मार्ग का निर्माण शामिल है।
लोकार्पण में 88 करोड़ 87 लाख की लागत से निर्मित अंडा-फुंडा मार्ग, 84 पुलिस आवास, महिला आइटीआइ भवन, जामगांव से झीट मार्ग और एक करोड़ 73 लाख से निर्मित झाड़मोखली बरबसपुर मार्ग शामिल हैं। इधर सीएम को काला झंडा दिखाने निकले सैकड़ों कांग्रेसियों को पुलिस सभा स्थल से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तुलसी साहू, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य जयश्री वर्मा, जनपद सदस्य संध्या वर्मा, विधायक प्रतिनिधि आशीष वर्मा , सांसद प्रतिनिधि संजय यदु, पाटन प्राभारी राजेन्द्र साहू सहित सैकड़ों कांग्रेसियों को पुलिस ने उतई और अमलेश्वर थाने में रखा है। कांग्रेसी कथित सीडी कांड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल की गिरफ्तारी के बाद से सीएम की सभा का विरोध कर रहे हैं।