भिलाई

नहीं बर्दाश्त कर सकी पति को किसी और के साथ, झगड़े के बाद खुद को कर लिया ख़त्म

नवविवाहिता ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति के विवाहेत्तर संबंध नागवार गुजरने पर आत्मघाती कदम उठाया।

2 min read
May 25, 2018
Bhilai news
आधी रात पति ने कमरे में झांका तो उसके होश उड़ गए

भिलाई. नवविवाहिता ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला है लेकिन आशंका है कि उसे पति के विवाहेत्तर संबंध नागवार गुजरने पर आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस के साथ नायाब तहसीलदार अश्विन शर्मा ने मौके पर जाकर पंचनामा किया। इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की शादी दिसम्बर 2017 में हुई थी

सुपेला पुलिस के अनुसार मृतका २५ वर्षीय कविता सिंह की शादी दिसम्बर २०१७ में विकास सिंह से हुई थी। छह माह बाद ही उसने आत्महत्या कर ली। प्राइवेट कंपनी में कार्यरत विकास गुरुवार रात ड्यूटी से आया और नहाने चला गया। खाना खाने के बाद उनका झगड़ा हो गया। कविता ने गुस्से में अपना बैग तैयार किया और मायके जाने की जिद की। फिर आपस में बातचीत के बाद कविता सोने के लिए कमरे में चली गई और विकास अलग कमरे में सो गया। रात को विकास उठकर उसे देखने पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से उसने देखा कि कविता फंदे पर लटक रही है। तब घर के ही एक बच्चे को खिड़की से अंदर भेजकर दरवाजा खुलवाया और कविता को फंदे से उतारा। कविता की मौत हो चुकी थी, विकास ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पति का दूसरी युवती के साथ था प्रेम संबंध
मृतका के भाई कमलकिशोर ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को पति विकास, सास और देवर प्रताडि़त करते थे। उसे दहेज को लेकर ताने दिए जाते थे। विकास का किसी युवती से प्रेम संबंध थे जो शादी के बाद भी बने रहे। उसने पति के विवाहेत्तर संबंधों की बात अपनी बहन काजल को बताई थी, लेकिन मायके में किसी को न बताने की कसम दिलाई थी।

मां से बोली थी, मुझे ससुराल से ले चलो
कविता ने गुरुवार रात को ही अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसकी मां ने बताया कि कविता ने कहा था कि विकास का बर्ताव ठीक नही है। उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करता है। उसे सुबह तक इंतजार करने को कहा था। काश, मैं उसे ले आती तो यह घटना नहीं होती।

Published on:
25 May 2018 01:12 pm