भिलाई

Bhilai News: लडक़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद, ताबड़तोड़ हमले में युवक की मौत

Bhilai News: पुलिस ने बताया कि अब तक इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि एक मुख्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
2 min read
May 13, 2026
Bhilai News
मारपीट के 9 आरोपी गिरफ्तार (Photo Patrika)

Bhilai News: एक लड़की को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और तनाव तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना दुर्ग जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में की है। आरोपियों ने गैंग बनाकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि तीन अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हत्या और बलवा का मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Bhilai News: दोनों पक्षों में कहासुनी

एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे राजीव नगर क्षेत्र में हुई। गया नगर निवासी जितेश ठाकुर और आरोपी आकाश यादव उर्फ अक्कू के बीच पहले से विवाद चल रहा था। घटना की रात लडक़ी को लेकर दोनों पक्षों में फिर कहासुनी हुई। विवाद बढऩे पर जितेश और उसके साथियों ने आकाश को दौड़ा लिया। इसके बाद आकाश करीब एक घंटे बाद अपनी गैंग के साथ वापस लौटा।

लाठी, रॉड और चाकू से ताबड़तोड़ हमला

आरोपी विजय सारथी उर्फ बिट्टू, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी, भूपेंद्र सारथी उर्फ बनू, युवराज सारथी, बलराम उर्फ बाली, नागेश यादव उर्फ नाग और ललित यादव के साथ राजीव नगर तालाब पहुंचे। सभी आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, पत्थर और धारदार हथियार थे। उन्होंने जितेश ठाकुर, राहुल ठाकुर, नवीन ठाकुर और भोला यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में जितेश की मौके पर मौत हो गई, जबकि राहुल, नवीन व भोला गंभीर रूप से घायल हो गए। नाजक राहुल ठाकुर की निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना से इलाके में दहशत र्है। खास बात यह रही कि वारदात पुलिस सहायता केंद्र से महज 100 मीटर दूरी पर हुई। पुलिस ने रातभर दबिश देकर सभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि पुरानी रंजिश व छेड़छाड़ से जुड़े विवाद के चलते घटना हुई। आरोपियों के खिलाफ हत्या व बलवा सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पूरे मोहल्ले में दहशत

इधर देर रात करीब डेढ़ घंटे तक चले इस मौत के तांडव से पूरा मोहल्ला दहशत में है। किसी ने भी पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी और लोग अपने घरों में दुबके रहे । किसी की बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई। सीसीटीवी में भी पूरा वाकया कैद हो चुका है। जिसमें एक युवती भी साथ में नजर आ रही है। स्थानीय लोग इसे गैंगवार जैसी स्थिति बता रहे हैं और दबी जुबान में कह रहे हैं कि अब अपराधियों के दिल में कानून का खौफ खत्म हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के बयान दर्ज कर रही है, जिसके बाद ही हत्याकांड की मुख्य वजह का पूरी तरह खुलासा हो पाएगा।

Updated on:
13 May 2026 03:15 pm
Published on:
13 May 2026 03:13 pm