भिलाई

इधर बच्चे मरी चिडिय़ा भूंज रहे थे और उधर धान खरीदी केंद्र के बारदाने में लग गई आग

सेवा सहकारी समिति ग्राम बटंग धान खरीदी केंद्र में सोमवार को दोपहर आग लग गई। इस आगजनी में धान खरीदी के लिए रखे गए बारदाना जलकर खाक हो गया।

2 min read
Oct 30, 2018
Bhilai patrika
मरी चिडिय़ा भूंज रहे थे और धान खरीदी केंद्र के बारदाने में लग गई आग

भिलाई/सेलूद. सेवा सहकारी समिति ग्राम बटंग धान खरीदी केंद्र में सोमवार को दोपहर आग लग गई। इस आगजनी में धान खरीदी के लिए रखे गए बारदाना जलकर खाक हो गया। आगजनी की सूचना मिलते ही जिला सहकारिता कार्यालय के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आगजनी की रिपोर्ट अमलेश्वर थाने में दर्ज करा दी गई। अमलेश्वर पुलिस और जिला सहकारिता विभाग इस घटना की जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर सेवा सहकारी समिति बटंग धान खरीदी के लिए बनाए गए फड़ में आग लग गई। एक नवंबर से धान खरीदी शुरू हो रही हैं। इसके लिए करीब 45 बंडल बारदाना रखा गया था। आग लगने से बारदाना का पूरा बंडल जल गया। बताया जाता है कि जब आग लगी उस समय वहां पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था।

घटना की जांच के लिए बनाई कमेटी
आगजनी की खबर लगते ही जिला प्रशासन ने घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। जांच कमेटी में नायब तहसीलदार सुमित भादुड़ी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अधिकारी अपेक्षा व्यास, सहकारिता विस्तार अधिकारी अमित श्रीवास्तव, डीएमओ सौरभ भारद्वाज, जिला सहकारी बैंक के मैनेजर एसआर साहू शामिल हैं। इस दौरान समिति संचालक मंडल के अध्यक्ष व सदस्य मौजूद थे। जांच समिति द्वारा प्रारंभिक तौर आगजनी के लिए समिति के प्रबंधक और चौकीदार को दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट जिला पंजीयक कार्यालय व जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को जल्द ही सौंपी जाएगी।

मरी चिडिय़ा को भूंज रहे थे
समिति में आग कैसे लगी इसकी जांच की जा रही है। बताया जाता है कि चौकीदार के फड़ से चले जाने के बाद गांव के कुछ बच्चे वहां पर मरी चिडिय़ा को (भूंज) जला रहे थे। उसी की चिंगारी से संभवत: आग लगी होगी।

संचालक मंडल की बैठक हुई
समिति के फड़ में आगजनी के बाद आला अधिकारियों की मौजूदगी में सेवा सहकारी समिति के संचालक मण्डल सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में समिति के अध्यक्ष सन्तराम कुर्रे, उपाध्यक्ष महेंद्र साहू, नंदिनी साहू, मनीराम कुर्रे सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

Published on:
30 Oct 2018 08:26 pm