भिलाई

विकास यात्रा: राजनांदगांव जिले के गंडई को मिला तहसील का दर्जा

सीएम डॉ. रमन सिंह ने रोड शो के दौरान गंडई की स्वागत सभा में गंडई को तहसील बनाए जाने की घोषणा की।
2 min read
• •
Updated: 1 Jun 2018, 12:33 PM IST
Rajnandgaon patrika
राजनांदगांव जिले के गंडई को मिला तहसील का दर्जा

राजनांदगांव/छुईखदान. गंडई निवासियों की बरसों की मांग आज विकास यात्रा के दौरान पूरी हो गई। सीएम डॉ. रमन सिंह ने रोड शो के दौरान गंडई की स्वागत सभा में गंडई को तहसील बनाए जाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने निर्देश दे दिए गए हैं। इससे पहले सीएम ने छुईखदान में आमसभा ली।

छुईखदान से कभी रेल लाइन गुजरेगी, यह मैंने भी नहीं सोचा था
आमसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी ज्यादा गर्मी में भी भारी संख्या में लोग विकास यात्रा में शामिल होने पहुंचे हैं। यह 15 साल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों के प्रति विश्वास है जो इस सभा में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि छुईखदान तरक्की की दिशा में निरंतर अग्रसर है। छुईखदान से कभी रेल लाइन गुजरेगी, यह मैंने भी नहीं सोचा था लेकिन सांसद अभिषेक सिंह के विशेष प्रयासों से यह सपना पूरा होने जा रहा है। शिक्षा का बेहतर ढांचा छुईखदान में खड़ा हो रहा है। कभी साल्हेवारा में महाविद्यालय के बारे में सोचना कठिन था। आज ये सपना मूर्तरूप ले चुका है।

बजट में कृषि महाविद्यालय का सपना भी पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के किसान प्रगतिशील हैं। वे अक्सर मेरे पास आते और कहते कृषि महाविद्यालय होता तो युवा आधुनिक कृषि के तरीके सीख पाते। इस बजट में कृषि महाविद्यालय का सपना भी पूरा हो गया। उन्होंने कहा कि चाहे छुईखदान-बकरकट्टा सड़क हो या पीएमजीएसवाय की सड़कें हों। बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों का जीवन आसान हो गया है।

एक क्लिक में मिलेगा सबको धान का बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि यहां एक बटन दबाते ही किसानों के खाते में बोनस की राशि पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हित के लिए निकली इस विकास यात्रा का कांग्रेसी विरोध करते हैं लेकिन उनकी सरकार भेदभाव नहीं करती। कांग्रेसियों के खाते में भी राशि जाएगी और वे ही सबसे पहले इस राशि को खाते से निकालने का काम करेंगे।

पीएम ने रखा ख्याल
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में गरीबों का इलाज हो सके, इसके लिए स्मार्ट कार्ड के माध्यम से पचास हजार रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा सभी वर्गों के लिए थी। इस सीमा के पार जाने पर गंभीर बीमारियों का खर्च वहन करना गरीब आदमी के लिए कठिन हो जाता था। जब दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई तो उन्होंने यह समस्या रखी। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस दिक्कत के समाधान के लिए आयुष्मान योजना लाई जा रही है। यह योजना अब लागू हो गई है और इससे लाखों गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों में भी इलाज की सुविधा मिल सकेगी। सीएम ने कहा कि वे अगली बार आएंगे तो आप सभी के हाथों में मोबाइल होगा।

छुईखदान क्षेत्र में अधोसंरचना के क्षेत्र में बेहतरीन विकास

इस मौके पर सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि छुईखदान क्षेत्र में अधोसंरचना के क्षेत्र में बेहतरीन विकास हो रहा है। खैरागढ़ जनपद अध्यक्ष विक्रांत सिंह और पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने भी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर प्रभारी मंत्री राजेश मूणत समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Updated on:
1 Jun 2018, 12:33 PM IST
Published on: