भिलाई

CG Weather Update: IMD का बड़ा अपडेट! दुर्ग में अगले 2 दिन बारिश के आसार, कई मौसम प्रणालियां सक्रिय

IMD Alert: मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश के आसार जताए हैं। कई मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
2 min read
Sep 12, 2026
Chhattisgarh Rain Alert
बारिश का अलर्ट (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Weather Update: दिनभर की उमस और गर्मी के बाद शुक्रवार शाम दुर्ग जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। शहर और आसपास के इलाकों में करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके बाद देर रात तक रुक-रुककर बौछारें पड़ती रहीं। तेज बारिश से सड़कें तरबतर हो गईं और निचले इलाकों में पानी भर गया। गरज-चमक के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक 12.6 मिमी और शाम साढ़े पांच बजे तक 2.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। इसके बाद हुई तेज बारिश इन आंकड़ों में शामिल नहीं है। सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 88 प्रतिशत और शाम को 82 प्रतिशत रही।

बारिश के दौरान बार-बार बिजली बंद

तेज बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली बंद होती रही। दो बार करीब एक-एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

अगले दो दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। दुर्ग में भी गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

कई मौसम प्रणालियां सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से से लगे दक्षिण ओडिशा तथा उत्तर आंध्रप्रदेश के तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी पहुंच रही है, जिससे बादल बन रहे हैं और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

वहीं, राजस्थान से मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए गुजर रही द्रोणिका भी प्रदेश में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रही है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक दुर्ग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

Updated on:
12 Sept 2026 01:03 pm
Published on:
12 Sept 2026 01:03 pm