
Bhilai Municipal Election: नगर निगम भिलाई का वार्ड-5 (कोसानगर) कभी भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ हुआ करता था। निगम गठन के बाद वर्ष 2000 से 2019 के उपचुनाव तक इस सीट पर भाजपा का लगातार कब्जा रहा, लेकिन परिसीमन ने यहां का सियासी भूगोल बदल दिया। नए वार्ड के गठन के बाद 2021 में हुए पहले चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के इस अभेद्य किले में सेंध लगाते हुए पहली बार जीत दर्ज की और वर्षों पुराने राजनीतिक समीकरण को उलट दिया।
आगामी निगम चुनाव में कोसानगर सीट पर फिर दिलचस्प मुकाबले के आसार हैं। भाजपा के सामने खोया जनाधार वापस पाने की चुनौती है, तो कांग्रेस के सामने जीत दोहराने की। पिछली जीत के सूत्रधार संदीप निरंकारी आरक्षण के नए समीकरण की जद में आ गए हैं, जिससे कांग्रेस को नया चेहरा तलाशना पड़ रहा है। यह चुनाव अब दोनों दलों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है।
कोसानगर पहले नेहरू नगर वार्ड का हिस्सा था। यहां भाजपा की पकड़ इतनी मजबूत थी कि लगातार पांच चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी जीतते रहे। वर्ष 2000 में उबारन टंडन जीते, जिसके बाद ललिता पिल्ले, आरजे सिंह और राकेश अरोरा ने भाजपा के टिकट पर दबदबा कायम रखा। 2019 के उपचुनाव में भी भाजपा के जयप्रकाश यादव ने जीत दर्ज की। इस तरह करीब दो दशक तक क्षेत्र में भाजपा का वर्चस्व बना रहा।
परिसीमन के बाद कोसानगर को वार्ड-5 के रूप में अलग पहचान मिली। 2021 के निगम चुनाव में मतदाताओं ने पुरानी परंपरा तोड़ दी। कांग्रेस प्रत्याशी संदीप निरंकारी ने 1,699 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय डॉ. दिनेश एस. साहू 1,207 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि भाजपा के जयप्रकाश यादव 1,140 वोट लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गए। यह हार भाजपा के पुराने गढ़ में बदलते राजनीतिक मिजाज का संकेत थी।