
भिलाई. अखिल भारतीय कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव हुआ है। छत्तीसगढ़ के राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा ने कोषाध्यक्ष पद छोड़ दिया है । कांग्रेस ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए महासचिव प्रशासन नियुक्त किया है। उनके पुत्र और दुर्ग शहर विधायक अरूण वोरा ने बताया कि कोषाध्यक्ष पद की जगह अब सांसद वोरा को अध्यक्ष राहुल गांधी ने महासचिव प्रशासन की महती जिम्मेदारी सौंपी है।
ढलती उम्र का दिया हवाला
हालांकि कहा जा रहा है ढलती उम्र की वजह से उन्होंने खुद ही पद छोड़ा है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी में इस बड़े बदलाव का आदेश जारी हो गया है। मोतीलाल वोरा की जगह अब अहमद पटेल संगठन के नये कोषाध्यक्ष होंगे। अहमद पटेल सोनिया के काफी करीबी माने जाते हैं और कई सालों से उनके राजनीतिक सलाहकार हैं।
लंबे समय से संभाल रहे थे कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
हालांकि ये पहले से ही कहा जा रहा था कि संगठन में सबसे बुजुर्ग और लंबे समय से कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे मोतीलाल वोरा अब राहुल गांधी की टीम में फिट नहीं बैठेंगे। इससे पहले जनार्दन द्विवेदी की भी छुट्टी कर दी गयी थी। उनकी जगह पर अशोक गहलोत को जिम्मेदारी दी गयी थी।
छत्तीसगढ़ से हैं राज्यसभा सांसद
पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा अभी छत्तीसगढ़ के कोटे से राज्यसभा सांसद हैं। लंबे समय से एआईसीसी में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें सोनिया गांधी का विश्वासपात्र माना जाता है। राहुल गांधी की नयी टीम ने उन्हें कोषाध्यक्ष की जगह नई जिम्मेदारी सौंप दिया है।
इनको भी सौंपी जिम्मेदारी
एक तरफ मोतीलाल वोरा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी से भी हटा दिया गया है। वहीं वोरा जगह मीरा कुमार को सीडब्ल्यूसी का स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके साथ पूर्व विदेश मंत्री आनंद शर्मा को विदेश मामलों के विभाग के चेयरमैन की जिम्मेदारी गई हैं। वहीं लुजियो फलेरिओ को महासचिव बनाने के साथ उत्तर-पूर्व राज्य का प्रभारी भी बनाया गया है।