
Chhattisgarh Municipal Corporation Election: दिसंबर में भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम चुनाव होने हैं। महापौर और वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। प्रशासन ने भी प्रारंभिक तैयारी कर ली है। रिटर्निंग व सहायक रिर्टर्निंग अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। मतगणना स्थल भी तय हो चुका है, बस औपचारिक घोषणा बाकी है। ऐसे में मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दौरा चुनावी माहौल को और गर्मा गया है।
मुख्यमंत्री के हाथों 68.37 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण और पुलिस विभाग के चार भवनों का उद्घाटन होगा। चुनाव से ठीक पहले हो रहे इस कार्यक्रम को सत्तारूढ़ भाजपा अपनी बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश कर रही है। वहीं निगम में सत्ता में बैठी कांग्रेस इसे चुनावी शिलान्यास बता रही है। दरअसल, तीनों निगमों में दावेदारों की भागदौड़ चरम पर है। महापौर पद के कई नामों की चर्चा तेज हो गई है। वार्डों में भी एक-एक टिकट के लिए 5 से 10 दावेदार मैदान में हैं। पार्षद से लेकर पूर्व महापौर, जिला पदाधिकारी तक अपनी-अपनी पैरवी में लगे हैं।
भाजपा और कांग्रेस दोनों में अंदरूनी खींचतान भी दिख रही है। भाजपा में संगठन और वर्तमान पार्षदों के बीच टिकट को लेकर टकराव है, तो कांग्रेस में गुटबाजी हावी है। दोनों दल सर्वे और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर उम्मीदवार तय करने की बात कह रहे हैं, लेकिन नेताओं के बंगलों पर सुबह से शाम तक दावेदारों की भीड़ लगी है।
दिलचस्प यह है कि भिलाई, चरोदा और रिसाली तीनों निगमों में फिलहाल कांग्रेस की सत्ता है, जबकि प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे में भाजपा इस बार तीनों निगमों पर कब्जे के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। मुख्यमंत्री के दौरे को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। वहीं कांग्रेस अपनी सत्ता बचाने के लिए विकास कार्यों में भेदभाव और उपेक्षा का आरोप लगा रही है। दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
सीएम के मंच से होने वाली घोषणाओं पर सबकी नजर है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री चुनावी माहौल को साधने के लिए भिलाई-रिसाली के लिए कोई बड़ा ऐलान भी कर सकते हैं। कुल मिलाकर, तीनों निगमों में चुनावी बिगुल बज चुका है। विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ ही अब टिकट की असली लड़ाई शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में कौन किसे साधेगा, यही तय करेगा कि निगम की कुर्सी किसके हाथ आएगी।