जिला प्रशासन ने अब मरीजों के लिए डेंगू की जांच कराना और भी आसान कर दिया है। अब निजी अस्पतालों में डेंगू की जांच फ्री में होगी।
भिलाई. जिला प्रशासन ने अब मरीजों के लिए डेंगू की जांच कराना और भी आसान कर दिया है। अब निजी अस्पतालों में डेंगू की जांच फ्री में होगी। मरीजों की शिकायत के बाद कलक्टर उमेश अग्रवाल ने गुरुवार को कई बड़े निजी अस्पतालों का मुआयना कर व्यवस्था को दुरुस्त करवाया। उन्होंने बताया कि अब बुखार के मरीजों को सामान्य मरीजों के साथ लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। कलक्टर ने कहा कि इस वक्त सबसे बड़ा चैलेंज लार्वा को खत्म करना है और इसके लिए जिला और स्थानीय प्रशासन अपना काम कर रहे हैं, पर लोगों को खुद भी जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से घरों में पानी जमा न होने देने के लिए एहतियात बरतने कहा।
24 घंटे टीम की तैनाती
कलक्टर की मानें तो शहर के अस्पताल प्रशासनिक नियंत्रण में हैं। जहां डॉक्टर की सुविधा नहीं है, वहां अलग से डॉक्टर्स की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही मरीजों को ऐसे अस्पतालों में दाखिल किया जा रहा है, जहां इलाज की अच्छी सुविधा है। उन्होंने कहा कि लोग डॉक्टर का कहा मानें और समय पर इलाज कराएं।
नर्सिंग स्टूडेंट्स का बेहतर योगदान
कलक्टर ने कहा कि डेंगू को लेकर लोग जागरूक हुए हैं और कई संस्थाएं बेहतर कार्य कर रही हैं,लेकिन शहर के नर्सिंग कॉलेजों के 16 सौ से ज्यादा स्टूडेंट्स घंटों प्रभावित क्षेत्रों में जाकर बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर को डेंगू से बचाने स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस के छात्र सब काफी मेहनत कर रहे हैं।
कोई नहीं सुनता तो मुझे लगाएं फोन
कलक्टर ने लोगों से अपील की है कि डेंगू के संबंध में यदि कहीं भी इलाज के लिए लापरवाही की जा रही है। या नोडल अधिकारी फोन नहीं उठाते तो लोग उनके मोबाइल नंबर ७९९९९४७३५४ में सीधे संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का दावा
अब तक डेंगू की जांच हुई- 12 हजार से ज्यादा
अब तक पॉजीटिव मिले- 2655
उपचारित हुए- 2066
अस्पतालों में दाखिल- 649
आज पहुंचे नए मरीज- 120
आज डिस्चार्ज हुए मरीज- 143