
Chhattisgarh Weather Alert: दुर्ग जिले में मंगलवार को मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया। सुबह से आसमान घने बादलों से ढका रहा और दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि शाम तक भी बौछारों का सिलसिला जारी रहा। लगातार बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आई। शाम 5.30 बजे तक जिले में 11.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी दुर्ग सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पडऩे की संभावना है। अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के संकेत हैं। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हलकी वर्षा के आसार हैं. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में एक साथ कई मौसमीय प्रणालियों के सक्रिय होने से बारिश का दौर मजबूत बना हुआ है। मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, रोहतक, हमीरपुर, सीधी, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में व्यापक वर्षा की परिस्थितियां बनी हुई हैं।
बुधवार को भी दुर्ग सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं तेज बौछारें पडऩे की संभावना है। अगले पांच दिनों तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। एचपी चंद्रा, मौसम वैज्ञानिक, आईएमडी
मौसम विज्ञान विभाग, रायपुर के अनुसार दुर्ग का अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने जिले सहित प्रदेश के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।