भोरमदेव अभ्यारण्य के धनडबरा जंगल में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को जवानों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया है।
कबीरधाम/भिलाई. भोरमदेव अभ्यारण्य के धनडबरा जंगल में पुलिस नक्सली मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार को जवानों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को ढेर कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सूचना पर पुलिस और सुरक्षाबल के जवान सर्चिंग पर निकले थे।
नक्सलियों ने जंगल में एंबुस लगाया था। जिसमें जवानों की बजाय खुद नक्सली ही फंस गए। कबीरधाम एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया पुलिस नक्सली मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को जवानों ने मार गिराया है। उसके पास से हथियार और नक्सली साहित्य भी जब्त किया गया है। फिलहाल टीम एरिया सर्चिंग में जुटी हुई है। लगभग एक घंटे के भीतर जवान महिला नक्सली का शव लेकर थाने पहुंच जाएंगे।
मुखबिरी के शक में कर दिया था युवक की हत्या
इधर 29 अगस्त को राजनांदगांव के औंधी थानाक्षेत्र के शारदा गांव के ब्रेड बेचने वाले एक युवक की नक्सलियों ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। नक्सली मृतक युवक पर पुलिस का मुखबीर होने का आरोप लगा निर्मम हत्या कर फरार हो गए थे।
22 वर्षीय युवक को उतारा मौत के घाट
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 अगस्त की रात को 4 से 5 नक्सली शारदा गांव पहुंचे और 22 वर्षीय आदिवासी युवक तेज कुमार मंडावी को घर से बाहर निकाला। इस दौरान नक्सलियों ने युवक पर पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाकर रस्सी से घला घोंट कर निर्मम हत्या कर दी थी।
बौखलाहट में ग्रामीणों को बना रहे निशाना
गौरतलब है कि राजनांदगांव जिले में पुलिस बल की जगह-जगह मुस्तैदी है। सुरक्षा बल के बढ़ते दबाव में औंधी, अंबागढ चौकी, मोहला- मानपुर के जंगलों से खत्म हो रहे नक्सली क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए ग्रामीण युवक को मौत के घाट उतार दिया था।