
भिलाई/दुर्ग. लम्बे इंतजार के बाद ट्विनसिटी में बारिश ने फिर अचानक दस्तक दी है। बारिश से जहां उमस भरी गर्मी से रात मिलने से लोगों में खुशी है वहीं किसानों में हर्ष की लहर है। झमाझम बारिश से जुड़वा शहर की सड़कें लबालब हो गई वहीं नालियां बाहर तक बह रही थी। लंबे अंतराल के बाद शनिवार की शाम चार बजे से दोनों शहर में तकरीबन एक घंटे तक बारिश हुई। इसी तरह ग्रामीणों क्षेत्रों के अलावा बालोद, बेमेतरा और राजनांदगांव जिलों में भी अच्छी बारिश की खबर है। ग्रामीण अंचलों में हुई झमाझम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई। बीते पखवाड़े भर से अधिक समय से मौसम की दगाबाजी को लेकर किसान चिंतित थे तथा आसमार की ओर टकटकी लगाकर देख रहे थे।
बीज को अंकुरित होने में मदद मिलेगी
हमारे ग्रामीण प्रतिनिधियों की मानें तो इस बारिश के बाद धान की बीज को अंकुरित होने में कॅाफी मदद मिलेगी। वहीं साधन संपन्न किसान जिसने पहले ही धान की नर्सरी तैयार कर ली है ऐसे किसानों के लिए रोपाई काम तेज हो जाएगी।
काली घटा छाते ही शाम को अच्छी बारिश हुई
शनिवार को दोपहर बाद से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। काली घटा छाते ही शाम को अच्छी बारिश हुई। विभिन्न कामों के लिए निकले लोग बारिश शुरू होते ही सुरक्षित ठिकानों पर रूक गए। बारिश इतनी तेजी से हुई कि लोगों को बारिश से बचने के लिए सुरक्षित जगहों पर पहुंचने के पहले ही पूरी तरह भीग गए थे। फिर भी लोग यात्री प्रतीक्षालय, वायशेप ब्रिज, नेहरू नगर निर्माणाधीन ओवरब्रिज और सड़क के किनारे दुकानों पर शरण लिए। पानी थमने के बाद लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इस दौरान लगभग एक घंटे तक सड़कें सुनी रही। बारिश होती ही शहर तरबतर हो गया। सड़कों में पानी लबालब भर गया। सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में परेशानी भी हुई। बारिश थमने के बाद भी दुर्ग और भिलाई के प्रमुख मार्गों पर स्थित चौक-चौराहों और दुर्ग की गलियों में जलभराव की स्थिति देखी गई।
बिजली भी चली गई
तेज बारिश और बादल के गरजने के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। बारिश के दौरान जहां शहर में अंधेरा पसर गया था वहीं घरों में मोमबत्ती और अन्य माध्यमों से रोशनी करनी पड़ी। हालाकि इस दौरान लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई थी। फिर भी लोग मोमबत्ती और इमरजेंसी लाइट्स का सहारा लिए।