भिलाई@Patrika. दुर्ग की एक इंजीनियरिंग छात्रा की चलती कार में उसके ही दोस्त ने गला घोटकर हत्या की असफल कोशिश का मामला सामने आया है। युवक की इस हरकत को वहां से गुजरने वाले लोगों ने देख लिया। लोगों को समीप आते देख युवक युवती को उसी हालत में छोड़कर कार सहित फरार हो गया। इस बीच लोगों ने उसकी कार का नंबर नोट कर लिया। युवती को तत्काल जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 में भर्ती कराया गया है। छात्रा काफी डरी हुई है। छात्रा के बयान पर पुलिस ने राजनांदगांव के आकाश साहू के खिलाफ धारा २९४, ५०६, ३२३ के तहत जुर्म दर्ज किया है। बताया गया कि आरोपी आकाश राजनांदगांव के एक रातनीतिक पार्टी के नेता का बेटा है।