भिलाई

छत्तीसगढ़ में इस दिन होगी मानसून की धमाकेदार एंट्री, इधर दुर्ग में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट

Monsoon in Chhattisgarh: केरल में 26 मई तक मानसून के पहुंचने की पूरी उम्मीद है। अगर मौसम विभाग की ये भविष्यवाणी सच हुई तो छत्तीसगढ़ में भी अपने तय समय में मानसून दस्तक देगा..
2 min read
• •
Updated: 17 May 2026, 3:43 PM IST
Chhattisgarh weather Update
प्री-मानसून एक्टिव, दुर्ग में आंधी-बारिश का अलर्ट ( Photo - Patrika )

Monsoon in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में मानसून जल्द ही दस्तक देने वाला है। इससे पहले प्रदेश में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। बीते सप्ताह से मौसम का ​मिजाज बदला हुआ है। दिन में तेज धूप के बाद शाम रात में आंधी और बारिश हो रही है। वहीं मौसम विशेषज्ञों की माने तो जून के दूसरे सप्ताह में ही मानसून छत्तीसगढ़ पहुंच जाएगा। इधर दुर्ग में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए आंधी-बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

Monsoon in Chhattisgarh: मौसम ने अचानक ली करवट

छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं और इसका असर दुर्ग जिले में भी दिखाई देने लगा है। बीते शाम मौसम ने अचानक करवट ली और जिले के कई हिस्सों में करीब दो घंटे तक हल्की बूंदाबांदी हुई। बादलों की आवाजाही और ठंडी हवा से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दुर्ग सहित कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलीं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक इसी तरह की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताते हुए दुर्ग जिले के लिए आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक जिले में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

तापमान में फिर बढ़ोतरी के संकेत

शनिवार को दुर्ग जिले का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस और बढऩे की संभावना है।

नौ जून तक जगदलपुर पहुंचने के संकेत

मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी सकारात्मक संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में मानसून 15 जून तक पहुंच सकता है, जबकि नौ जून तक इसके जगदलपुर पहुंचने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति के लिए समुद्री और वायुमंडलीय परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल बनी हुई हैं। पिछले दो दिनों से निकोबार द्वीप समूह और अंडमान क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। वहीं समुद्र के ऊपर पश्चिमी हवा 35 किलोमीटर प्रतिघंटा या उससे अधिक की रफ्तार से चल रही हैं।

Updated on:
17 May 2026, 3:43 PM IST
Published on: