जिला पुलिस बल भर्ती में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा देने के लिए रविवार सुबह 6.30 बजे एक युवती हाथों में मेंहदी और हल्दी लगाकर पहुंची।
राजनांदगांव. जिला पुलिस बल भर्ती में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा देने के लिए रविवार सुबह ६.३० बजे एक युवती हाथों में मेंहदी और पूरे शरीर में हल्दी लगाकर पहुंची। इस युवती को देख पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी अचंभित रह गए। उत्सुकतावश उस युवती से पूछताछ की गई, तब पता चला कि उसकी शादी है और रविवार शाम को बारात आने वाली है। युवती ८ मीटर दौड़ में शामिल हुईं और ३ मिनट २० सेकेंड में इस दूरी को तय कर लिखित परीक्षा के लिए सिलेक्ट कर ली गईं। इस तरह हल्दी और मेंहदी लगे होने के बाद भी शारीरिक प्रवीणता परीक्षा में शामिल होने गांव की बेटी के इस जूनन, जज्बा और साहसिक कदम को देखकर पुलिस अधिकारियों ने भी उसकी तारीफ की।
डंगनिया गांव की है साहसिक बेटी
ज्ञात हो कि जिला पुलिस बल भर्ती के लिए राजनांदगांव आठवीं बटालियन ग्राउंड में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा ली जा रही है। देश सेवा की जज्बा से लबरेज यह बेटी तिलई क्षेत्र के ग्राम डंगनिया की हैं। २४ वर्षीय गायत्री साहू पुलिस भर्ती के लिए दो साल से मेहनत कर रही हैं। गायत्री दिग्विजय कॉलेज में बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा हैं। प्रोफेसर शैलेंद्र तिवारी उन्हें पढ़ाते हंै और उनके फिटनेस गुरु भी हैं। गायत्री बताती हैं कि उन्होंने १२वीं कक्षा से ही पुलिस में जाने और देश सेवा करने का सपना संजो रखी थीं। यही कारण है कि रविवार को उनकी शादी होने के बाद वह शारीरिक प्रवीणता परीक्षा में शामिल होने के लिए राजनांदगांव आठवीं बटालियन पहुंची थीं।
गांव से निकलने में संकोच
गायत्री ने 'पत्रिकाÓ से चर्चा के दौरान बताया कि उनके पिता कुशल राम साहू ठेकेदारी (मकान निर्माण) का काम करते हैं। उनकी माता रजमत बाई साहू गृहणी हैं। उनके दो भाई और दो बहन हंै। उन्होंने बताया कि पुलिस में भर्ती होने उसे किसी ने प्रेरित नहीं किया। हालांकि परिजन समय-समय उनका उत्साह वर्धन करते थे। गायत्री ने बताया कि हल्दी और मेंहदी लगे होने की स्थिति में पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होना उनके लिए बिलकुल भी आसान नहीं था। वे गांव से निकलते और दौड़ते समय थोड़ा असहज महसूस कर रहीं थीं, लेकिन इन सब बातों को भुलाकर उसने अपने सपने का साकार करने पूरे जोश के साथ दौड़ लगाई और लिखित परीक्षा के लिए चुनी गईं।
जामुल भिलाई में रिश्ता तय
परिवार वालों ने कहा कि उन्हें अपनी बिटिया पर गर्व है। बताया कि भिलाई जामुल के रामप्रसाद साहू के साथ गायत्री की शादी लगी हुई है। परिजन रविवार को आने वाली बारात के स्वागत की तैयारी में लगे थे। इधर गायत्री सुबह जिला पुलिस बल में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा देने के लिए राजनांदगांव आठवीं बटालियन पहुंची हुईं थीं।