भिलाई

Bhilai: आखिर कब रुकेगी RTO की कथित अवैध वसूली? कॉलर पकड़कर ट्रक से उतारा, पैसे मांगे! उड़नदस्ता पर चालक का गंभीर आरोप

Chhattisgarh RTO: दुर्ग RTO की उड़नदस्ता टीम पर ट्रक चालकों से कथित अवैध वसूली, गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 min read
Aug 25, 2026
Chhattisgarh News
तीन घंटे हाईवे जाम के बाद कलेक्टर तक पहुंचा मामला (फोटो सोर्स- पत्रिका)

RTO Illegal Recovery: बालोद जिले की सीमा पर एनएच-30 में तैनात दुर्ग आरटीओ की उड़नदस्ता टीम पर ट्रक चालकों से एंट्री के नाम पर कथित वसूली, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगे हैं। रविवार को मुजालगोंदी के पास कार्रवाई के विरोध में ट्रक चालकों ने करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम कर दिया। इसके बाद सोमवार को छत्तीसगढ़ ड्राइवर संघ ने कलेक्टर से शिकायत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

चालक का आरोप- कॉलर पकड़कर ट्रक से उतारा

ट्रक चालक विकास यादव ने आरोप लगाया कि उड़नदस्ता टीम ने उसका पीछा कर ट्रक को रोका। इसके बाद एक कर्मचारी ने उसका कॉलर पकड़कर उसे ट्रक से नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए एंट्री के नाम पर पैसे मांगे। चालकों का कहना है कि दस्तावेज पूरे होने के बावजूद पैसे नहीं देने पर चालान काटने की धमकी दी जाती है।

मुजालगोंदी से चारामा घाट तक शिकायत

ड्राइवर संघ ने मुजालगोंदी, मरकाटोला और चारामा घाट के पास कथित वसूली और मारपीट की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित देवांगन ने कहा कि यदि कथित वसूली बंद नहीं हुई तो संगठन की ओर से बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दस्तावेज पूरे होने के बावजूद खामियां निकालकर कार्रवाई करना और एंट्री के नाम पर पैसे मांगना गलत है।

तीन घंटे हाईवे जाम के बाद कलेक्टर तक पहुंचा मामला

रविवार को मुजालगोंदी के पास कार्रवाई के विरोध में ट्रक चालकों ने करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम कर दिया। इसके बाद मामला कलेक्टर तक पहुंचा। छत्तीसगढ़ ड्राइवर संघ के अध्यक्ष रोहित कुमार ने कहा कि कागज नहीं होने पर कार्रवाई समझ में आती है, लेकिन पूरे दस्तावेज होने के बावजूद चालकों को धमकाना गलत है। उनका आरोप है कि दुर्ग की उड़नदस्ता टीम की कार्रवाई में अति की जा रही है।

विभाग ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, दुर्ग उड़नदस्ता के निरीक्षक संतोष हरिपाल ने ट्रक चालकों की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि टीम की ओर से की जाने वाली चालानी कार्रवाई को ही अवैध वसूली बताया जा रहा है। हालांकि, मामले की जांच की जाएगी।

Updated on:
25 Aug 2026 02:14 pm
Published on:
25 Aug 2026 02:14 pm