जनपद पंचायत की सामान्य सभा में सरपंचों के सरकारी टूर पर गुरुवार को स्वास्थ्य प्रभारी नूतन बंछोर का गुस्सा फूटा।
दुर्ग .जनपद पंचायत की सामान्य सभा में सरपंचों के सरकारी टूर पर गुरुवार को स्वास्थ्य प्रभारी नूतन बंछोर का गुस्सा फूटा। स्वास्थ्य प्रभारी का आरोप था कि मामला उनके विभाग से जुड़ा होने के बाद भी अफसरों ने जानकारी नहीं दी। ऐसे में उनके पद का औचित्य नहीं है। नाराज स्वास्थ्य प्रभारी ने मौके पर ही इस्तीफा लिखकर सीईओ क्रांति धु्रव के टेबल पर रख दिया। हालांकि अध्यक्ष संतोषी केडी देशमुख की मध्यस्थता के बाद मामला शांत हो गया और स्वास्थ्य प्रभारी ने इस्तीफा वापस ले लिया।
समिति को जानकारी दिए बिना ही सदस्यों का चयन
स्वच्छ भारत मिशन के तहत बिहार के लखीसराय जिले में स्वच्छता जागरूकता के लिए 50 सदस्यीय स्वच्छाग्राहियों की टीम भेजी गई थी। इसमें जनपद पंचायत दुर्ग से 20, धमधा से 10 व पाटन से 18 स्वच्छाग्राही शामिल थे। दल में स्वच्छता जागरूकता से जुड़े कर्मियों के अलावा दो दर्जन से ज्यादा सरपंच, उप सरपंच व पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल किए गए थे। दल 12 दिन तक बिहार में रहा और 14 अप्रैल को वापस आया। स्वास्थ्य प्रभारी का कहना था कि टीम के सदस्यों का चयन जनपद व जिला के स्वास्थ्य समितियों की अनुशंसा के आधार पर किया जाना था, लेकिन जनपद के स्वास्थ्य समिति को जानकारी दिए बिना ही सदस्यों का चयन कर रवाना कर दिया गया।
तीर्थयात्रियों की सूची में घालमेल
अध्यक्ष संतोषी केडी देशमुख मुयमंत्री तीर्थयात्रा की सूची में घालमेल के भी आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी तीर्थयात्रियों के चयन की सूचना जानबूझकर नहीं देते और यात्रियों के नहीं पहुंचने पर उसकी जगह दूसरों को भेज देते हैं।
अनुशंसा के बिना दुकान आवंटन
बिहान बाजार योजना के तहत कचांदुर में बनाए गए दुकानों के आवंटन का मामला भी उठा। यहां जनपद की अनुशंसा के बिना ही दुकानें आवंटित की जा रही है। इस अध्यक्ष व सदस्यों ने एकमतेन विरोध दर्ज कराया। इस पर भी अफसरों ने ठोस जवाब नहीं दिया।
1.48 करोड़ की सड़क बन गई अफसरों को पता नहीं
कचांदूर में पीडल्ब्यूडी ने 1.48 करोड़ से 2.10 किमी सड़क बना दी, लेकिन जनपद के अफसरों को इसका पता ही चला। खास बात यह रहा कि जनपद के अफसरों ने इसी सड़क को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाने का प्रस्ताव रख दिया। सदस्य पन्ना यादव ने इस पर सवाल खड़ा करते हुए अफसरों पर जमकर नाराजगी जताई।
डॉक्टर कर रहे मरीजों से दुव्र्यवहार
बैठक में निकुम अस्पताल में मरीजों से दुव्र्यवहार का मामला उठा। यह मामला अध्यक्ष संतोषी केडी देशमुख ने उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले 6 माह से इसकी शिकायत जनपद पहुंच रही है। इस पर बीएमओ ज्योति ध्रुव को व्यवस्था में सुधार के लिए कहा गया।