
भिलाई. स्टील अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (सेल) कर्मियों के वेतन समझौते में हो रही देरी से कर्मियों में नाराजगी है। बीएमएस ने इसको लेकर सोमवार की सुबह 8 बजे से एक्यूपमेंट चौक, सेक्टर-1 पर प्रदर्शन किया। वे जल्द वेतन समझौता करने की मांग कर रहे हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ संयुक्त यूनियन के प्रदर्शन से दूर रहने वाली बीएमएस ने इस्पात मंत्रालय व सेल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए।
शोषण का भी विरोध
बीएमस प्रदर्शन के दौरान लंबित वेतन समझौता के साथ-साथ पेंशन, जूनियर इंजीनियर पदनाम के मुद्दों को उठाया है। वे ठेका श्रमिकों के लगातार हो रहे शोषण का भी विरोध कर रहे हैं। एनजेसीएस यूनियन होने के नाते इन विषयों को लेकर वह अब संघर्ष कहां तक करती है, इस पर कर्मियों की नजर है।
इस्पात मंत्री के बयान पर बीएमएस ने बैठक का किया बहिष्कार
एचएमएस ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि 17 जुलाई 2018 को इस्पात मंत्रालय ने सीपीएसई की बैठक की, इस्पात कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से इस्पात मंत्री ने दो-तीन साल तक वेतन समझौता कंपनी के घाटे के कारण होना मुश्किल है, यह कहकर जले में घी डालने का काम किया। इससे इस्पात कर्मचारियों को आक्रोशित कर दिया। इस्पात मंत्री के ऐसे बयान के कारण तत्काल बीएमएस ने इस बैठक का बहिष्कार कर इस्पात मंत्री के प्रति अपने विरोध को तुरंत दर्ज करवाया।
मजदूरों के लिए दोहरी नीति
धरना प्रदर्शन स्थल से भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय सचिव अखिल भारतीय इस्पात व कोल के सह प्रभारी एनजेसीएस सदस्य डीके पांडेय ने कहा कि सबका साथ - सबका विकास का नारा देने वाली सरकार के मंत्री का यह बयान इस्पात मजदूरों के प्रति दोहरी नीति को दिखाता है। इस्पात मंत्री ने वेज रिवीजन के संबंध में जो बात कही उससे कर्मचारियों में नाराजगी है। सांसद व मंत्री अपनी सुविधाओं के लिए एक मत हो भरपूर वेतन भत्ते में इजाफा करवा लेते हैं। जब कर्मचारियों की बात आती है, तो चाहे वह कर्मचारियों का लंबित वेतनमान हो या मई 2016 से पेंशन का जो कि एनजेसीएस में समझौते हो चुका हो, देने की बात हो, कंपनी के घाटे का हवाला देकर रोकना चाह रहे हैं।
सेल प्रबंधन का भी है वैसा ही रवैया
उन्होंने कहा कि जो मुद्दा आर्थिक से नहीं जुड़ा है। डिप्लोमाधारियों को सम्मानजनक पद नाम का मंत्रालय के पहल के बाद भी सेल प्रबंधन इस पर फैसला नहीं कर यह बताता है कि चाहे मंत्रालय हो या सेल प्रबंधन कैसे भी करके कर्मचारी हित के मुद्दों को टाला जाए। उन्होंने कहा कि ठेका श्रमिकों, नियमित कर्मियों में लगातार पनप रहा आक्रोश कंपनी के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने सेल प्रबंधन व इस्पात मंत्रालय को चेतावनी दी कि समय रहते कर्मियों के हित की सोचे, जल्द पेंशन वेतन समझौता करे, अन्यथा अभी तो धरना, प्रदर्शन के माध्यम से शुरुआत हुआ है। इसके बाद भी प्रबंधन नहीं चेता तो तय है कि बीएमएस श्रमिक हित में कड़ा से कड़ा कदम उठाएगी। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जिला प्रभारी गुलेंद्र यादव, विष्णु चंद्राकर, रामेश्वर चंद्राकर कृष्णा देशमुख, कल्याण सिंह, यशवंत, महामंत्री दिनेश पांडेय, सहमंत्री रामजी, योगेंद्र अहीर, आईपी मिश्रा, रवि चौधरी, अरविंद पुरी, मृगेंद्र कुमार, देव गिरी गोस्वामी, ख्वाजा अहमद, एन भास्कर मौजूद थे।