
Sudhanshu Khandelwal Death Case: बीएसपी से 250 टन लौह स्क्रैप चोरी के मामले की पुलिस जाच कर रही है। इस मामले में हिमांशु ब्रदर्स के संचालक हिमांशु खंडेलवाल और आरडीके इंडस्ट्री के गिरीश खंडेलवाल की संलिप्तता उजागर हुई है। इसी बीच सेक्टर-1 स्थित हिमांशु ब्रदस के ऑफिस में 4 जून को हिमांशु खंडेलवाल का भाई सुधांशु खंडेलवाल चाय बनाते समय आग की चपेट में आ गया। 20 जून को इलाज के दौरान सेक्टर-9 अस्पताल में उसकी मौत हो गई। भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
भिलाई भट्टी थाना पुलिस ने बताया कि सेक्टर-1 स्थित ऑफिस में 4 जून को आग लग गई थी। बीएसपी फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। 60 फीसदी झुलसे सुधांशु को दोपहर 2.55 बजे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया। 20 जून को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान सुधांशु बातचीत कर रहा था। उसका बयान लिया गया। सुधांशु ने बताया कि ऑफिस में किचन है। वह वहां चाय बना रहा था। माचिस से गैस जलाते ही उसकी शर्ट में आग लग गई। गेट अंदर से बंद था। आग बढऩे पर वह बाहर नहीं निकल सका। उसके चिल्लाने पर ऑफिस के कर्मचारियों ने धक्का देकर दरवाजा खोला और उसे बाहर निकाला। कमरे में ले जाकर बेडशीट से दबाकर आग बुझाई और तुरंत अस्पताल ले गए। अब पुलिस मर्ग कायम कर घटना की जांच कर रही है
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। किचन में अलमारी रखी है जिसमें कई फाइलें क्रम से रखी मिलीं। बताया जा रहा है कि सुधांशु पूर्व में ब्लैक लिस्ट भी हो चुका था और काफी परेशान चल रहा था। इस बीच लौह स्क्रैप मामले में हिमांशु ब्रदर्स का नाम सामने आ रहा है। आशंका है कि किचन में वह हादसे का शिकार हो गया। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर मर्ग जांच कर रही है।
पुलिस आग लगने के कारण, घटनास्थल से मिली फाइलों और अन्य परिस्थितियों समेत हर पहलू की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने और फॉरेंसिक व अन्य रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह केवल एक हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी था।