Weather Alert: दुर्ग जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
Weather Alert: दुर्ग जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने जिले में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11 साल बाद सबसे कम 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक ही दिन में तापमान में करीब पांच डिग्री की बड़ी गिरावट आई है। वहीं अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। खास बात यह है कि दिसंबर-जनवरी के दौरान अधिकतम तापमान भी लगातार 30 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आमतौर पर नवंबर-दिसंबर सर्दी का पीक समय माना जाता है, लेकिन इस साल जनवरी की शुरुआत से ही न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है। आने वाले सप्ताह में ठंड और तेज होने की संभावना है। दुर्ग जिला और आसपास के क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ेगी। रात का तापमान सात डिग्री या उससे नीचे पहुंच सकता है, जिससे खासकर ग्रामीण इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
आउटर इलाकों में कोहरा लगातार घना हो रहा है। मंगलवार को दुर्ग सहित रायपुर संभाग के कई हिस्से कोहरे की चादर में लिपटे रहे। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है।