भिलाई

कांग्रेस में शुरू होगी एक और चुनावी जंग! भिलाई में दो पैनल आमने-सामने, 30 अगस्त से वोटिंग

Youth Congress Election: कांग्रेस में निगम चुनाव से पहले एक और सियासी जंग शुरू होने जा रही है। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव के लिए 30 अगस्त से ऑनलाइन वोटिंग शुरू होगी, जो 29 सितंबर तक चलेगी। भिलाई में दो पैनल आमने-सामने हैं और 18 से 35 वर्ष तक के युवा मतदान कर सकेंगे।
2 min read
Aug 29, 2026
Congress Internal Election
भिलाई में दो पैनल आमने-सामने (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Chhattisgarh Youth Congress Election: निगम चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर एक और चुनावी जंग शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस का चुनाव रविवार, 30 अगस्त से शुरू होगा और भिलाई में दो पैनल आमने-सामने हैं। ऑनलाइन वोटिंग 29 सितंबर तक चलेगी। 18 से 35 वर्ष तक के युवा इसमें मतदान कर सकेंगे। खास बात यह है कि एक मतदाता को छह अलग-अलग पदों के लिए वोट करना होगा। यही वजह है कि दोनों खेमों ने अपने-अपने पैनल के प्रत्याशियों को जिताने के लिए वार्ड स्तर पर युवाओं को सक्रिय करना शुरू कर दिया है।

युवा कांग्रेस का यह चुनाव ऐसे समय हो रहा है, जब भिलाई निगम चुनाव भी नजदीक है। गुरुवार को जिला कांग्रेस के भीतर युवाओं को साधने के लिए दो अलग-अलग बैठकें हुईं। शाम पांच बजे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर हुई बैठक में भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली के वर्तमान व छाया पार्षद पहुंचे। दूसरी बैठक हाउसिंग बोर्ड स्थित गुरुद्वारा भवन में विधायक देवेंद्र यादव की टीम ने की। दोनों बैठकों में युवा कांग्रेस चुनाव में अधिक से अधिक मतदान कराने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

युवा कांग्रेस का चुनाव पार्टी के भीतर केवल संगठनात्मक चुनाव तक सीमित नहीं माना जा रहा। निगम चुनाव से पहले वार्डों में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और युवाओं के बीच पकड़ का भी यह बड़ा परीक्षण होगा।

एक वोट नहीं, छह वोट का गणित

युवा कांग्रेस चुनाव में मतदाता एक साथ छह पदों के लिए मतदान करेगा। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव, जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव, विधानसभा अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष के लिए अलग-अलग वोट डाले जाएंगे। ऐसे में प्रत्याशियों की व्यक्तिगत पकड़ के साथ पैनल की रणनीति भी चुनाव में अहम होगी। पार्षदों और छाया पार्षदों को भी वार्डों में युवाओं से संपर्क बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की रणनीति है कि युवा कांग्रेस चुनाव के बहाने वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए, जिसका फायदा बाद में निगम चुनाव में भी उठाया जा सके।

किस पैनल में कौन

पहला पैनल: जिला अध्यक्ष भिलाई के लिए दीपक साहू, वैशाली नगर विधानसभा अध्यक्ष के लिए अमनजीत साहू, भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष के लिए रॉबिन सिंह और रिसाली विधानसभा अध्यक्ष के लिए हिमांशु बंजारे मैदान में हैं।

दूसरा पैनल: जिला अध्यक्ष भिलाई के लिए रॉबिन सिंह, वैशाली नगर विधानसभा अध्यक्ष के लिए परमजीत सिंह, भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष के लिए अर्जुन शर्मा और रिसाली विधानसभा अध्यक्ष के लिए शुभम वर्मा प्रत्याशी हैं।

भिलाई में दो खेमे, मुकाबला दिलचस्प

भिलाई में युवा कांग्रेस के चुनाव को लेकर दो पैनल मैदान में हैं। एक पैनल को भिलाई कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतारा गया है। दूसरे पैनल की कमान एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू और उनकी टीम के पास है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए भी सतेंद्र चेलक और शैलेंद्र बंजारे के बीच मुकाबला है।

Updated on:
29 Aug 2026 03:50 pm
Published on:
29 Aug 2026 03:50 pm