
Patwari Bhanwar Singh Arrested In Bribe Case: भीलवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टोंक एसीबी की टीम ने ऊंचा पंचायत क्षेत्र में कार्रवाई कर पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा। आरोपी पटवारी ने यह राशि जमीन की डिक्री कराने के नाम पर मांगी थी।
एसीबी के अनुसार परिवादी ने टोंक एसीबी कार्यालय में शिकायत दी थी कि न्यायालय के आदेश की पालना में उसके पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री करवाने के लिए पटवारी भंवर सिंह उससे रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई। इसके बाद टीम ने कार्रवाई की प्लानिंग की।
मंगलवार दोपहर एसीबी टीम ने पटवारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पटवारी ने परिवादी को बीच रास्ते बुलाया और अपनी कार में बैठाकर ले गया। इसी दौरान उसने परिवादी से 20 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली और उसे कार के डैशबोर्ड में रख दिया। परिवादी से इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई की और कार को रुकवाकर रिश्वत की राशि बरामद कर ली। इसके बाद टीम ने पटवारी भंवर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी अधिकारियों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने कार की तलाशी लेकर रिश्वत की रकम को अपने कब्जे में लिया। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी पटवारी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में भी हड़कंप मच गया।
एसीबी की कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। जांच के दौरान रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। गिरफ्तार पटवारी भंवर सिंह मूल रूप से सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र के गांव गुनाठू का रहने वाला बताया जा रहा है। एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।