
भीलवाड़ा। जिले की खजूरी पंचायत समिति में शनिवार को उपप्रधान चुनाव के दौरान सियासी पारा उस वक्त चढ़ गया, जब भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा और जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) सागर राणा आपस में भिड़ गए। कांग्रेस प्रत्याशी से जुड़ी गाड़ी रोकने और उसमें सवार लोगों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी तकरार में बदल गया। दोनों के बीच हुई गरमागरम बहस से मौके पर हंगामे जैसे हालात बन गए, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों को बीच-बचाव कर स्थिति संभालनी पड़ी।
दरअसल, सुबह करीब 11 बजे एसपी सागर राणा खजूरी पहुंचे थे और शुक्रवार को प्रधान चुनाव के दौरान हुए घटनाक्रम का जायजा ले रहे थे। इसी बीच नामांकन दाखिल कर लौट रहे कांग्रेस प्रत्याशी से जुड़े सीआर (पंचायत समिति सदस्य) की गाड़ी को विधायक गोपीचंद मीणा और उनके समर्थकों ने बीच रास्ते में रोक लिया। विधायक मीणा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हिस्ट्रीशीटर लोग आए हैं और पुलिस खुद उन्हें एस्कॉर्ट कर रही है।
गाड़ी रोके जाने और हंगामे की सूचना मिलते ही एसपी सागर राणा तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद विधायक और एसपी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विधायक ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए, वहीं एसपी ने व्यवस्था संभालते हुए विधायक के समर्थकों को वहां से हटवाया। काफी देर तक चली गहमागहमी के बाद जब विधायक वहां से रवाना होने लगे, तभी कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने की बात को लेकर दोनों एक बार फिर आमने-सामने आ गए। माहौल फिर बिगड़ता देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
इससे पहले सुबह खजूरी में उपप्रधान पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इस दौरान कांग्रेस से जुड़ी मनीषा मीणा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा। खास बात यह रही कि विधायक गोपीचंद मीणा सहित भाजपा के कई नेता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे और भाजपा ने मनीषा मीणा को अपना समर्थन दिया। दूसरी ओर, कांग्रेस के आधिकारिक प्रत्याशी के रूप में वार्ड संख्या 8 के सदस्य हेमराज रेगर ने नामांकन दाखिल किया।