Bhilwara News: चलती बाइक में अचानक तकनीकी खराबी के बाद आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक बुरी तरह झुलस गया।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के केसरपुरा के पास एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। चलती बाइक में अचानक तकनीकी खराबी के बाद आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक बुरी तरह झुलस गया, जिसे भीलवाड़ा से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर रैफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बरडा निवासी शिवराज धाकड़ पुत्र कालू धाकड़ अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। केसरपुरा के समीप अचानक बाइक में तकनीकी खराबी महसूस होने पर उसने वाहन रोका। बताया जा रहा है कि युवक ने जैसे ही पेट्रोल की टंकी का ढक्कन खोला, अचानक जोर का भभका हुआ और आग की विकराल लपटों ने शिवराज को अपनी चपेट में ले लिया।
युवक को आग से घिरा देख राहगीर और स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसी हालत में युवक को भीलवाड़ा जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे तुरंत जयपुर के लिए रैफर कर दिया।
घटना की सूचना पर अमरगढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही बरडा गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।