
Bhilwara Zila Pramukh Kailash Chandra Meena: भीलवाड़ा के नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कैलाश चंद्र मीणा मालदार हैं। ऊपरमाल मांडलगढ़-बिजौलिया क्षेत्र में माइनिंग किंग के नाम से मशहूर 48 वर्षीय मीणा करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। नामांकन के साथ प्रस्तुत किए गए शपथ पत्र के अनुसार मीणा और उनके परिवार के पास कुल 33 करोड़ 7 लाख 86 हजार 654 रुपए की चल व अचल संपत्ति है।
शपथ पत्र के ब्योरे के मुताबिक, मीणा परिवार के पास कुल 12 करोड़ 13 लाख 11 हजार 654 रुपए की चल संपत्ति है। स्वयं कैलाश के पास कुल 7 करोड़ 27 लाख 42 हजार 385 रुपए की चल संपत्ति है। इसमें 1 लाख 61 हजार 251 रुपए नकद, विभिन्न बैंक खातों में जमा राशि तथा राजस्थान ग्रामीण बैंक (कास्या) की दो एफडीआर में 2.34 करोड़ रुपए जमा हैं। इसके अलावा विंध्यावली स्टोन, ओक्सिया इंडस्ट्रीज, वोल्टा इंडस्ट्रीज व कैलाश माइनिंग समेत विभिन्न फर्मों में करीब 2.98 करोड़ रुपए का निवेश है और करीब 1.08 करोड़ रुपए का व्यक्तिगत ऋण/अग्रिम दिया हुआ है।
उनके पास 377 ग्राम चांदी है, जिसकी कीमत 88,557 रुपए है। इसके अलावा एक 32 बोर रिवॉल्वर व एक एनपी बोर राइफल है। हालांकि, उनके नाम कोई मोटर वाहन दर्ज नहीं है। उनकी पत्नी के पास कुल 3 करोड़ 82 लाख 11 हजार 180 रुपए की चल संपत्ति है। इसमें 1.51 लाख रुपए नकद, कास्या बैंक की 9 एफडीआर में 1.37 करोड़ रुपए, 11.13 लाख रुपए की बीमा पॉलिसी और शिवम इंडस्ट्रीज सहित विभिन्न फर्मों में करीब 33.81 लाख रुपए का निवेश शामिल है। साथ ही 1265.73 ग्राम सोना है, जिसका बाजार मूल्य 1.93 करोड़ रुपए आंका गया है।
कास्यां (बिजौलिया) निवासी मोडूराम मीणा के पुत्र कैलाश मीणा ने जिला परिषद के वार्ड संख्या 44 से कड़े मुकाबले में भाजपा के नरोत्तम धाकड़ को 704 मतों के अंतर से शिकस्त दी। इस चुनाव में मीणा को कुल 11,766 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी धाकड़ को 11,062 मत मिले। मेयो कॉलेज, अजमेर से 10वीं और सीबीएसई से पत्राचार के माध्यम से 12वीं तक शिक्षित मीणा की दो पुत्रियां कनन व तारिणी हैं। मीणा के खिलाफ किसी भी न्यायालय में कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं है।
खनन व्यवसाय के अलावा मीणा और उनकी पत्नी की आय के मुख्य स्रोत कृषि, ब्याज, किराया और वेतन हैं। देनदारियों की बात करें तो कैलाश पर बैंक हाउसिंग लोन, हिस्सेदारी व फर्म के रूप में कुल 1 करोड़ 85 लाख 67 हजार 786 रुपए तथा उनकी पत्नी पर 42.87 लाख रुपए का ऋण बकाया है।
कैलाश के स्वयं के नाम चित्तौड़गढ़, माधोपुर, भीलवाड़ा, मांडलगढ़ व कास्या सहित विभिन्न स्थानों पर कुल 27.8408 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 17.69 करोड़ रुपए है। इसके अलावा कास्या व बिजौलिया में 52,548 वर्गफीट गैर-कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 70 लाख रुपए तथा कास्या में 7,290 वर्गफीट का भवन है, जिसकी कीमत 35 लाख रुपए है। उनकी कुल अचल संपत्ति 18.74 करोड़ रुपए की है।
पत्नी के नाम कास्या में 5.8267 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 1.60 करोड़ रुपए तथा बिजौलिया में 22,500 वर्गफीट गैर-कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 60 लाख रुपए है। इनका कुल बाजार मूल्य 2.20 करोड़ रुपए है।
कैलाश मीणा की दो बेटियां हैं। इनमें बड़ी पुत्री कनन मीणा के नाम 68.48 लाख रुपए की चल संपत्ति है, जिसमें बैंक एफडी, म्यूचुअल फंड, बीमा पॉलिसियां और 35.09 लाख रुपए कीमत का 230 ग्राम सोना शामिल है। वहीं, छोटी पुत्री तारिणी मीणा के नाम 230 ग्राम सोना दर्ज है, जिसकी कीमत 35.09 लाख रुपए है।
जिला परिषद में कैलाश मीणा कांग्रेस के दसवें जिला प्रमुख बने हैं। जिला प्रमुख कार्यकाल विवरण बोर्ड के अनुसार 2 अक्टूबर 1959 से अब तक कुल 18 कार्यकाल दर्ज किए गए हैं। इनमें 14 जिला प्रमुख रहे हैं। इनमें अब तक नौ कांग्रेस व पांच भाजपा के जिला प्रमुख रह चुके हैं। पहले जिला प्रमुख रमेश चंद्र व्यास रहे, जिनका कार्यकाल 02-10-1959 से 10-03-1961 तक रहा।
वहीं, बोर्ड में कमला धाकड़ (12-02-2000 से 09-02-2005), सुशीला सालवी (18-02-2010 से 07-02-2015) और बरजी बाई भील (10-12-2020 से 2026) के नाम भी महिला नेतृत्व के रूप में दर्ज हैं।
जिला प्रमुखों की सूची में पूर्व मुख्यमंत्री शिव चरण माथुर, यशवंत सिंह नाहर, हफीज मोहम्मद, डॉ. रतन लाल जाट, रतन लाल भील, इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़, पीरचंद सिंघवी, रामचंद्र सेन और शक्ति सिंह हाड़ा शामिल हैं। इनमें हफीज मोहम्मद दो बार जिला प्रमुख बने। सिंघवी की आकस्मिक मृत्यु के उपरांत सेन करीब चार माह जिला प्रमुख रहे। विभिन्न अवधियों में अब तक चार प्रशासक रहे हैं। इनमें जिला कलक्टर, अतिरिक्त जिलाधीश (विकास) और सीईओ ने प्रशासक के रूप में भी कमान संभाली।