
Bhilwara CA Student Prachi Mehta Death Case: भीलवाड़ा: सुभाषनगर स्थित लवकुश मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाने के बाद सीए छात्रा प्राची मेहता की मौत के मामले में औषधि नियंत्रण विभाग ने कार्रवाई करते हुए फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक महेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर अनियमितताओं की रिपोर्ट तैयार की थी।
जांच में फर्म संचालक एवं रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट रामप्रसाद शर्मा अनुपस्थित मिले। वहीं, एनडीपीएस श्रेणी और शेड्यूल एच-1 की दवाओं व इंजेक्शनों की बिक्री के बिल जारी नहीं करने, इनका अवैध रूप से बेचान करने तथा खरीदे गए इंजेक्शनों का अवैध चिकित्सा अभ्यास में उपयोग करने जैसी गंभीर खामियां सामने आईं। जांच के दौरान शेड्यूल एच-1 रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिला।
इसके अलावा मेडिकल स्टोर में अवैध चिकित्सा अभ्यास के लिए दो बेड लगे हुए थे। एक्सपायरी दवाओं के लिए अलग रैक की व्यवस्था नहीं थी और पशुओं के उपचार में काम आने वाली दवाएं कॉस्मेटिक एवं मानव उपयोग की दवाओं के साथ रखी मिलीं।
विभाग ने संचालक को सात दिन में मूल लाइसेंस की प्रतियां कार्यालय में जमा कराने, शेष दवाओं के स्टॉक की सूची देने और नियम 66ए के तहत स्टॉक का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 23 नवंबर के बाद मेडिकल स्टोर पर औषधि व्यवसाय संचालित किए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना 11 नवंबर की शाम की है। सुभाषनगर क्षेत्र में सरकारी स्कूल के पास रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय बेटी प्राची को बुखार आने पर परिजन लवकुश मेडिकल स्टोर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि यहां मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद ही उसे इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
अगले दिन परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई, लेकिन रात में फिर हालत गंभीर हो गई। इसके बाद दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, जहां 14 नवंबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्राची की मौत की खबर भीलवाड़ा पहुंचने पर परिजनों और क्षेत्रवासियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मेडिकल स्टोर के बाहर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने दुकान पर पथराव किया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में प्रशासन ने मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया था। अब औषधि नियंत्रण विभाग ने जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर फर्म का लाइसेंस निरस्त कर दिया है।