
बागोर।
स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल में गुरुवार को कक्षा कक्ष में लगे बिजली के बोर्ड टूटे होने से विद्यार्थियों के करंट लगने की शिकायत पर विद्यालय के प्रधानाचार्य व शारीरिक शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ मारपीट की । इससे खफा छात्र - छात्राओं ने गुरुवार को विद्यालय के मुख्यद्वार पर स्कूल मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं एक दिन पूर्व बुधवार को छात्रों ने 1098 चाईल्ड लाईन पर भी सूचना दी और जिला कलेक्टर के नाम प्रार्थना पत्र भी पोस्ट किया। जिसको लेकर गुरुवार प्रातः दस बजे से छात्र - छात्राएं अपने अभिभावक सहित विद्यालय पहुंचे और मुख्यद्वार पर ही मैनेजमेंट के खिलाफ प्रदर्शन किया।
दोपहर में चाईल्ड लाईन की टीम भी निरीक्षण करने विद्यालय पहुंची। दोपहर में रमसा के प्रोग्राम ऑफिसर की टीम भी निरीक्षण करने विद्यालय पहुंची। जिन्होंने कई अव्यवस्था एवं अनियमितता होने की बात कही । विद्यालय में बने कक्षा कक्षों मे विद्युत बोर्ड टूटे होने से कक्षा 9वीं बी के रोहित जाट को करंट आ गया जिसकी विद्यालय प्रबंधन को शिकायत करने गए रोहित जाट , प्रकाश कुमावत , पूनम छापरवाल , अपूर्वा राणावत , लीला जाट सहित कइयों की पिटाई कर दी गई। इससे खफा छात्र-छात्राओं ने क्लास रूम में नही बैठकर बाहर बरामदे में ही बैठ गए। जहां पर छात्र-छात्राओं के साथ पुनः मारपीट की गई । जबकि छात्रों ने बताया कि पूर्व में तीन बार लिखित में भी शिकायत की गई लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। अब पुनः शिकायत पर इस तरह बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई ।
खफा छात्रों ने की सामूहिक टीसी की मांग विद्यालय में छात्रों के साथ मारपीट होने व छात्रों से विकास शुल्क लेकर उनकी पावती रसीद नहीं देने सहित कई बिन्दुओ पर एक पत्र लिखकर छात्र - छात्राओं ने बुधवार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन पोस्ट किया था । साथ ही कक्षा 9वि व 10वीं के समस्त छात्र - छात्राओं ने अपने हस्ताक्षर सुदा एक प्रार्थना पत्र लिखकर सामूहिक टीसी देने के लिए विद्यालय प्रबंधन को दिया था । -ये लिया जा रहा विद्यालय विकास शुल्क । विद्यालय विकास शुल्क के नाम पर कक्षा 6 से 8 के छात्रों से 50 रुपए व कक्षा 9 से 12 के छात्रों से 100 रुपये प्रति माह के हिसाब से शुल्क वसूला जा रहा है जो गरीब तबके के छात्र देने में समर्थ नहीं है । वही क्लिक योजना के तहत कम्प्यूटर फीस कक्षा 6 से 8 के छात्रों से 690 रुपये व कक्षा 9 से 12 के छात्रों से 1320 रुपए वसूले जा रहे हैं। जबकि विद्यालय शुरू हुए चार माह बीत चुके हैं। लेकिन अप्रेल से जुलाई के बीच एक भी दिन कम्प्यूटर क्लासेज नही लगी। जबकि ये स्वैच्छिक है लेकिन फिर भी इस राशि की बच्चों से मांगे जाने से खफा छात्र - छात्राओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया
सूचना आई है कल विद्यालय पहुंचकर वहां की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। टॉयलेट बन्द होने की भी सूचना मिली है। सभी समस्याओं के बारे में सम्बंधित विभाग को कार्रवार्ठ करने को एवं सुधार करवाने के लिए निर्देशित किया जाएगा ।
सुमन त्रिवेदी, बाल सुधार एवं कल्याण समिति अध्यक्ष, भीलवाड़ा
चाइल्ड लाइन वालो का फोन आया था विद्यालय में टॉयलेट बन्द कर देने की सूचना मिली । इसको लेकर हमारे प्रोग्राम ऑफिसर की टीम निरीक्षण करने गए। शुक्रवार को में भी जाऊंगा जिला शिक्षा अधिकारी व चाईल्ड लाइन अध्यक्षा भी जाएंगी जहा मेटर शार्ट आऊट करेंगे ।
योगेश पारीक, एडीपीसी रमसा भीलवाड़ा
विकास शुल्क एसडीएमसी सदस्यों के द्वारा तय अनुसार लिया जा रहा है। सरकार की क्लिक योजना चलाना है इस कारण कम्प्यूटर शुल्क लिया जा रहा है। केवल नए बच्चो की फीस ली गई है जिनकी रसीदें कट चुकी है । पुराने एक भी बच्चो की फीस नहीं ली गई है जिसको लेना बाकी है । एक शौचालय में एक दिन गोयरा आ गया था इसलिए उस पर ताला लगाया था। स्टॉफ के कुछ लोगों ने छात्रों को भ्रमित कर ये षडयंत्र रचा है। बाकी किसी के साथ कोई मारपीट नही की गई है ।
कृष्ण चंद्र जोशी, प्रधानाध्यापक स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल बागोर